सीसीटीवी में कैद वारदात — पुलिस ने सर मुंडवाकर निकाला जुलूस
ढाबे में चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों ने किया हमला,
पाली। शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों के बीच सोमवार देर रात प्रतापनगर चौराहे के पास एक ढाबे में दो बदमाशों ने चोरी की नीयत से घुसकर सो रहे लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश बल्ले से ढाबे का दरवाज़ा तोड़कर अंदर घुसे और वहाँ सो रहे रमेश पुत्र भोमा राम तथा भेरू पूरी पुत्र राजू पूरी पर बेरहमी से हमला कर दिया। घायल दोनों व्यक्तियों का उपचार पाली के बांगड़ अस्पताल में चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर औद्योगिक थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस की सख्त कार्रवाई — सर मुंडवाकर निकाला जुलूस
पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू के निर्देश पर औद्योगिक थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों का सर मुंडवाकर प्रतापनगर क्षेत्र में ढोल-थाली के साथ पैदल जुलूस निकाला।
इस दौरान आरोपियों को पूरे मोहल्ले में हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए घुमाया गया।
पुलिस की इस सख्त और प्रतीकात्मक कार्रवाई को देखकर स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की और “पुलिस जिंदाबाद” के नारे लगाए।
लोगों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में डर और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।