विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
आयुर्वेद विश्वविद्यालय में किया नुक्कड़ नाटक और वेबिनार का आयोजन
मानसिक स्वास्थ्य के लिए करें संवादः कुलपति प्रजापति
जोधपुर। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन् राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में कुलपति महोदय प्रो. (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति की प्रेरणा से आयुर्वेद दिवस 2023 में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्नातकोत्तर स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग, पी. जी. आई. ए. द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों तथा वेबिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ‘‘माइंड योर माइंड‘‘ विषय पर आयोजित वेबिनार में डॉ. रिनजिन कृष्णा (असि. प्रो. तथा मानस रोग विशेषज्ञ, पारुल इंस्टिट्यूट ऑफ आयुर्वेद) द्वारा अतिथि व्याख्यान दिया गया, जिसमे उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को परिभाषित करते हुए सामान्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, बीमारियों, तथा उनकी काउंसलिंग एवं उपचार की जानकारी दी।
डॉ. रिनजिन ने योग एवं प्राणायाम की विशेषता बताते हुए कहा कि नित्य 30 मिनिट योग के अभ्यास से इन समस्याओं से बचा जा सकता है। कार्यक्रम कि अध्यक्षता कर रहे माननीय कुलपति प्रो. प्रजापति ने मानसिक स्वास्थ्य का महत्व बताते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि हम स्वयं में विश्वास रखें तथा अपनी समस्याओं के संबंध में अपने मित्रों तथा परिवारजन से बात करें। साथ ही उन्होंने सामाज में मानसिक बीमारियों को सामान्य बीमारियों की तरह स्वीकार करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रह्मानंद शर्मा ने बताया कि हर व्यक्ति अपने जीवन काल में मानसिक समस्या का सामना करता है इसलिए समय रहते उपयुक्त चिकित्सा परामर्श अवश्य लेवें।
इससे पूर्व कुलपति महोदय की गरिमामय उपस्थिति में स्नातकोत्तर स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के संजीवनी हॉस्पिटल में मानसिक स्वास्थ्य की जानकारी के साथ आमजन, चिकित्सालय में भर्ती रोगियों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और शैक्षणिक अधिकारीयों में जागरूकता के विषय से संबंधित नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के परीक्षण हेतु ऑनलाइन गूगल फॉर्म द्वारा प्रश्नावली तथा परामर्श भी उपलब्ध करवाए गए। जिसके द्वारा आमजन ने अपने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. महेंद्र कुमार शर्मा, प्रो. प्रेम प्रकाश व्यास, प्रो. प्रमोद कुमार मिश्रा, प्रो. चंदन सिंह, प्रो. नीलिमा ए. रेड्डी, डॉ. देवेंद्र चाहर, डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा, डॉ. मनोज अदलखा, डॉ. संजय श्रीवास्तव, डॉ. हरीश सिंघल, डॉ. आशा के. पी., डॉ. अंकिता चौधरी तथा आयोजन समिति के सदस्य डॉ. सौरभ अग्रवाल, डॉ. गजेंद्र कुमार दुबे, डॉ. प्रियंका इनानियां, डॉ. हेमंत राजपुरोहित तथा डॉ. अवधेश शांडिल्य, स्नातकोत्तर अध्येता, विभिन्न स्टाफ सदस्य तथा आमजन उपस्थित रहे।