कार्डियक अरेस्ट आने पर सीपीआर देकर बचाई जा सकती है मरीज की जान
जोधपुर प्रेस क्लब एवं बाहेती एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से दिया गया सीपीआर का प्रशिक्षण
जोधपुर। जोधपुर प्रेस क्लब और बाहेती एजुकेशनल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेव लाईफ अभियान’ के तहत रविवार को शहर के पत्रकारों के लिए सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमे पत्रकारों को सीपीआर की तकनीक और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ट्रेनर डॉ रक्षा व्यास और स्पीकर शेलेन्द्र व्यास ने सीपीआर की ट्रेनिंग देते हुए बताया कि वर्तमान में कार्डियक अरेस्ट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और प्रति मिनट लगभग 112 लोग कार्डियक अरेस्ट के शिकार हो रहे हैं। अधिकांश मरीजों के हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो जाती है।
कार्डियक अरेस्ट आने और हॉस्पिटल पहुंचने के बीच के समय में यदि मरीज को सही तरीके से सीपीआर दिया जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। ट्रेनर डॉ रक्षा व्यास ने हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के अंतर को बताते हुए कहा कि सीपीआर कार्डियक अरेस्ट आने के समय ही उपयोगी होता है। इस दौरान सीपीआर ट्रेनिंग का डेमोंसट्रेशन भी किया गया।
जोधपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय अस्थाना ने बताया कि शहर के सभी पत्रकारों को सीपीआर की ट्रेनिंग दी गई ताकि विपरीत परिस्थितियों के समय पत्रकार भी किसी का जीवन बचाने में अपनी भागीदारी निभा सके। इस अवसर पर समाजसेवी उम्मेदराज जैन, सेव लाइफ कोऑर्डिनेटर जुगल मूंदड़ा, सज्जाद अहमद, मेघ सिंह सांखला, मयंक वैदय सहित गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ पत्रकार मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में जोधपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय अस्थाना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद शर्मा, सचिव शिवप्रकाश पुरोहित, कोषाध्यक्ष डॉ मधु बैनर्जी, कार्यकारिणी सदस्य श्रेयांस भंसाली, लक्ष्मीकांत पुरोहित, जितेन्द्र डूडी, मुकुल परिहार, रमेश सारस्वत और भवानीसिंह गहलोत ने बाहेती एजुकेशन ट्रस्ट के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।
एईडी मशीन हो सकती है उपयोगी
जेपीसी सचिव शिवप्रकाश पुरोहित ने बताया कि ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत बताया गया कि सीपीआर के साथ-साथ यदि कुछ मिनटों में मरीज को एईडी मशीन के जरिए शॉक दिया जाए, तो उसके जीवन बचने की उम्मीद काफी अधिक बढ़ जाती है। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि सभी मॉल, सिनेमा घर, सरकारी कार्यालय, होटल्स व अन्य सार्वजनिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यदि एईडी मशीन की अनिवार्यता कर दी जाए तो कार्डियक अरेस्ट के समय इस मशीन के जरिए कई लोगों को जीवन बचाया जा सकता है।
सीपीआर जागरूकता के लिए होगा दो दिवसीय कार्यक्रम
बाहेती एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से सेव लाइव प्रोग्राम के तहत 29 और 30 जुलाई को दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 29 जुलाई को सीपीआर जागरुकता रैली निकाली जाएगी। यह जागरूकता रैली शाम 5 बजे सेंट एंड्रयूज हाल से रवाना होकर शास्त्री सर्कल पहुंचकर संपन्न होगी और यहां नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सीपीआर के बारे में जानकारी दी जाएगी। वहीं 30 जुलाई ‘सीपीआर डेडीकेटेड डे’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक जोधपुर की आम जनता को सीपीआर ट्रेनिंग देने के लिए पब्लिक कैंप आयोजित किया जाएगा। इस प्रोग्राम में मात्र 10 मिनट में दक्ष प्रशिक्षकों के माध्यम से आमजन सीपीआर के बारे में प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे। इसी तरह आगामी दिनों में 4-5 वार्डों का कलस्टर बनाकर पब्लिक कैंप आयोजित किए जाएंगे।