भव्य श्री सम्पूर्ण रामलीला : आयोजन की व्यापक तैयारियों को लेकर हुई बैठक
30 से अधिक समितियाँ करेंगी व्यवस्थाओं का संचालन।
जोधपुर । श्री रामलीला आयोजन समिति की ओर से जोधपुर में 18 से 22 अक्टूबर तक होने वाली भव्य श्री सम्पूर्ण रामलीला की व्यापक तैयारियाँ चल रही है। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार रात को आदर्श विद्या मंदिर ‘केशव परिसर’ में समिति की महत्त्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. निर्मल गहलोत ने कहा कि जोधपुर शहर में लंबे अंतराल बाद इस तरह का कार्यक्रम होने जा रहा है। इसमें सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका होना आवश्यक है। तभी कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया की गोस्वामी सुशील महाराज के निर्देशन में इस बार होने जा रही रामलीला कई मामलों में पहले से अलग अनुभव प्रदान करने वाली होगी। एलईडी, थ्रीडी इफेक्ट व ग्राफिक्स के माध्यम से दृश्य जीवंत दिखाई पड़ेंगे। रामराज्यम् का कंसेप्ट जोधपुर में पहली बार मंचित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की प्रारंभिक तैयारियां पिछले करीब डेढ़ माह से चल रही है। अब आयोजन का समय निकट होने से तथा सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने की दृष्टि से नियमित रूप से कार्यालय का संचालन होगा। बैठकों का सिलसिला भी नियमित चलेगा। कार्यक्रम ऐतिहासिक बने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा से लगना होगा।
तीन द्वारों से दिया जाएगा आगंतुकों को प्रवेश
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. निर्मल गहलोत ने कहा कि रामलीला देखने आने वाले दर्शकों को कोई असुविधा न हो इसके लिए तीन अलग अलग द्वारों से प्रवेश की व्यवस्था की जाएगी। कर पत्रक के माध्यम से आने वाले अतिथि श्री हनुमान द्वार से प्रवेश करेंगे। अन्य दर्शक श्री जानकी द्वार से प्रवेश करे सकेंगे। वहीं विशिष्ट रूप से आमंत्रित अतिथि श्री राम द्वार से प्रवेश करेंगे। सभी दर्शकों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी।
शहर में वितरित होंगे एक लाख कर पत्रक
गहलोत ने बताया कि शहर के अधिसंख्य लोग इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने इसके लिए घर घर जाकर पीले चावल व कर पत्रक वितरित किए जाएंगे। शहर के करीब एक लाख लोगों को पीले चावल देकर आमंत्रित करने का लक्ष्य है।
इन समितियों का हुआ गठन
आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र दवे ने कहा कि श्री रामलीला की व्यापक तैयारियों को लेकर करीब 30 से अधिक समितियों का गठन किया गया है। यह सभी समितियां अपने अपने निर्धारित कार्यों को उत्कृष्टता से संचालित करना सुनिश्चित करेंगी। कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, दर्शकों व कलाकारों को किसी भी तरह की असुविधा ना हो इसका हमें पूरा ध्यान रखना होगा। कार्यालय व्यवस्था, रक्षा व सुरक्षा व्यवस्था, मंच व स्वागत व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, जलपान व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा, विद्युत व्यवस्था, आपूर्ति व्यवस्था जैसी 30 से अधिक समितियां विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कार्य करेंगी। बैठक में समिति के महासचिव रमेश भंडारी, कोषाध्यक्ष अशोक पंवार, सह कोषाध्यक्ष महावीर चौपड़ा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन समिति के सचिव मिश्रीलाल प्रजापति ने किया। अशोक संचेती, संजीव बोराणा, किशोर सिंह सोलंकी आदि ने अपने सुझाव रखे।