छह माह के पुत्र की पत्थर पर पटककर हत्या

जोधपुर। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद पति ने अपने ही दूधमुंहे छह माह के बच्चे की पत्थर पर पटक-पटककर हत्या कर डाली। वारदात महामंदिर के बीजेएस नट बस्ती की है जो शनिवार रात को घटित हुई। बच्चे ने रविवार की सुबह दम तोड़ दिया। घटना के बाद बच्चे की हत्या का आरोपी पिता वारदात स्थल से फरार हो गया। अब उसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। उसकी पत्नी के पर्चा बयान पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना को लेकर महामंदिर पुलिस की तरफ से अनुसंधान किया जा रहा है।
थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि बीजेएस नट बस्ती की रहने वाली रहिशा पत्नी महेंद्र नट ने रिपोर्ट दी। वह पिछले दो-तीन माह से नजदीक ही अपने पीहर में थी। वह शनिवार को ही पीहर से ससुराल आई थी। तब उसका पति महेंद्र नट से झगड़ा हुआ, वह मारपीट करने लगा। तब उसने छह माह के पुत्र रितिक को उठाकर पत्थर पर तीन-चार बार पटका। इससे उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया लेकिन रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। थानाधिकारी ने बताया कि रहिशा की तरफ से पर्चा बयान पर पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करवाया गया है। आरोपी घटना के बाद से ही फरार है। उसकी तलाश करवाई जा रही है। थानाधिकारी ने बताया कि पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। वह पीहर से लौटी ही थी। वह दो तीन माह से पीहर में थी। पीहर भी पास में ही आया हुआ है।