25 लाख का सोना और एक लाख की चांदी उड़ाई
जोधपुर। शहर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित रामेश्वर नगर ई सेक्टर में एक बंद मकान में अज्ञात चोरों ने सैंध लगाकर वहां से आधा किलो सोनाा, एक किलो चांदी और 50 हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर आए दो बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अब इनका पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना को लेकर बासनी थाने में एफआईआर दर्ज करवायी गई है। बासनी थाने के एएसआई रामनारायण ने बताया कि घटना के संबंध में ई सेक्टर रामेश्वर नगर निवासी कालूराम प्रजापत पुत्र कोजाराम मूल रूप से लूणी हलके के रहने वाले है। वे बैंगलूरू में व्यापार करते है। लॉक डाउन के चलते वे बैंगलूरू में ही है। यहां रामेश्वर नगर वाला उनका मकान सूना होने पर उन्होंने अपने भांजे को सार संभाल के लिए कहा था। भांजे के पिता बीमार होने पर वह भी गांव चला गया। इस बीच 18 मई से लेकर 21 मई के बीच घर सूना पड़ा रहा। अज्ञात चोरों ने घर में सेंध लगाकर वहां अलमारियों और बक्सों के ताले तोडऩे के साथ नगदी और जेवरात ले गए। घर से आधा किलो सोना यानी 25 लाख का सोना, एक किलो चांदी और 50 हजार की नगदी पर हाथ साफ किया है। एएसआई रामनारायण ने बताया कि आस पास सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बाइक पर आते दिखे है जोकि घर तक पहुंचे है। बाद में यह लोग रात ढाई बजे घर से निकलते देखे गए है। जोकि केके कॉलोनी होते हुए कृषि मंडी मोड़ तक निकले है। इनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे है। पुलिस बाइक नंबरों से चोरों को टे्रस करने का प्रयास कर रही है।