नीलामी नहीं रोकी तो होगा जनआंदोलन: मिस्त्री
- पूर्व में सेवा भारती को आवंटित भूमि का मामला
- समिति के प्रांत सहमंत्री हुए पत्रकारों से रूबरू
जयन्तिलाल दाणा
सिरोही। सेवा भारती समिति सिरोही द्वारा वर्ष 2005 में अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए नगर परिषद सिरोही को राम झरोखा के सामने संस्था द्वारा उपयोग में लिए जा रहे भूखंड के आवंटन के लिए आवेदन किया गया था ओर 21 फरवरी 2006 को प्रस्ताव संख्या 30 से स्थानीय बोर्ड द्वारा इस भूमि के आवंटन की स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद भी बोर्ड की बैठकों में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किए गए थे, लेकिन वर्तमान में आवंटित भूमि को निरस्त कर नगर परिषद बोर्ड द्वारा भूमि की नीलामी किए जाने को लेकर सेवा भारती समिति के प्रांत सहमंत्री चंपत मिस्त्री व जिलाध्यक्ष देवाराम कुम्हार ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए बताया कि स्वायत शासन विभाग जयपुर में उनके पत्र गत 23 अगस्त 2018 से भू आवंटन नीति 2015 के तहत आरक्षित 50 प्रतिशत की दर से सेवा भारती समिति सिरोही उक्त 3750 वर्गफीट भूमि आवंटित करने की अनुमति नगर परिषद सिरोही को दी गई थी, जिसकी आज तक हमें सूचना नहीं दी गई।
चाही थी जानकारी, जारी की नीलामी सूचना
प्रांत सहमंत्री चंपत मिस्त्री ने बताया कि स्वायत शासन विभाग जयपुर ने पुनः उनके पत्र गत 9 दिसंबर 2020 जो की नगर परिषद को 18 दिसंबर 2020 को ही प्राप्त हुआ ओर उक्त भूमि के संबंध में जानकारी चाही गई, परंतु इस पर कोई कार्यवाही नहीं करते हुए 18 दिसंबर 2020 को ही नीलामी सूचना जारी की गई, जो कि नगर परिषद प्रशासन की स्पस्ट दुर्भावना प्रतीत हो रही है।
राम झरोखा के बाहर विरोध प्रदर्शन कल
मिस्त्री ने कहा कि यह संस्था समाज के वांछित, पिछड़े एवं कमजोर वर्ग के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं समरसता के लिए निस्वार्थ भाव से काम करती है। संस्था के काम में स्थानीय विधायक के संरक्षण में रोड़े अटकाने की कार्रवाई है, जिसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने कहा की पूर्व में सेवा भारती को आवंटित की गई भूमि को निरस्त कर नगर परिषद बोर्ड द्वारा भूमि की नीलामी को नहीं रोका गया, तो 25 दिसंबर को राम झरोखा मंदिर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
मिल चुका है बेस्ट स्वयंसेवी संस्था का अवार्ड
सेवा भारती समिति के प्रांत सहमंत्री चम्पत मिस्त्री एवं जिलाध्यक्ष देवाराम कुम्हार ने बताया कि सेवा भारती समिति एक पंजीकृत स्वयंसेवी संस्था है, जो 1990 से समाज के वंचित पिछड़े एवं कमजोर वर्ग के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं समरसता के लिए काम कर रही है। यह संस्था अखिल भारतीय संस्था राष्ट्रीय सेवा भारती से संबंध है। राष्ट्रीय सेवा भारती को कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए इंडिया टुडे, आज तक समूह द्वारा हेल्थ कैटेगरी में बेस्ट स्वयंसेवी संस्था का अवॉर्ड दिया गया है।
इनकी रही उपस्थिति
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेवा भारती के विभाग शिक्षा आयाम प्रमुख मधुसूधन त्रिवेदी, सेवा भारती के जिला कोषाध्यक्ष सौरभ पुरोहित, नारयण देवासी, चिराग रावल, मांगूसिंह बावली, बाबूसिंह माकरोडा, अर्जुन कुमार आदि उपस्थित थे।