महिलाओं को दी विधिक जानकारी, मास्क बांटे
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला एवं सेशन न्यायाधीश रविन्द्र कुमार जोशी के निर्देशानुसार महिलाओं के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का पंचायत समिति लूणी के सभागार में आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिद्धेश्वर पुरी ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा नेशनल कमीशन फॉर वूमन के तत्वावधान में महिलाओं के लिए विधिक जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सचिव पुरी ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि संविधान की सबसे बड़ी विशेषता भारत के प्रत्येक नागरिक के मौलिक अधिकार है जिसे केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा विधि बनाकर भी नहीं छीना जा सकता। भारतीय संविधान के तहत प्रदत्त नागरिकों के मौलिक अधिकारों के हनन के लिये बनाया गया कोई भी कानून न्याय संगत नहीं होगा तथा वह शून्य माना जायेगा। कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी महिला अधिकारिता विभाग सुनिता बेनीवाल ने महिलाओं के संरक्षण एवं बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं के बारे में जानकारी प्रदान की तथा केन्द्र प्रबंधक सखी वन स्टॉप सेन्टर किरन शर्मा द्वारा वन स्टॉप सेन्टर पर महिलाओं को दी जाने वाली समस्त सुविधाओं तथा राज्य तथा केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता रंजना सिंह मेड़तिया व शीतल शर्मा द्वारा महिलाओं से संबंधित कानूनों तथा उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में राजेन्द्र कुमार गुर्जर, स्वयं सेवी संस्था, मदर वल्र्ड फाउंडेशन के सहयोग से महिलाओं को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु होम्योपैथी दवाओं की 600 खुराक तथा कोविड-19 से बचाव हेतु मास्क का नि:शुल्क वितरण किया गया। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नवजात बच्चियों का अन्नप्राशन संस्कार के साथ-साथ बेटी जन्मोत्सव किट का भी वितरण किया गया।