कुष्ठ रोगी को मिला संबल, सौंपा सहायता राशि का चैक
सेवा भारती समाचार।
पाली। जिले के रानी ब्लाॅक के एक कुष्ठ रोग से ग्रसित व्यक्ति को सरकार की योजना के तहत निःशुल्क आॅपरेशन करवाकर नया जीवन प्रदान किया है। वहीं इसी व्यक्ति को चिकित्सा विभाग की ओर से सहायता राशि का चैक सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा द्वारा प्रदान किया गया। जानकारी के अनुसार जिले के रानी क्षेत्र के 19 वर्षीय युवक कुष्ठ रोग से ग्रसित था, गत दिनों चिकित्सा विभाग की टीम ने इस क्षेत्र के सर्वे के दौरान यह व्यक्ति कुष्ठ रोग से प्रभावित पाया गया। कुष्ठ रोग से ग्रसित विशेषजन यह व्यक्ति जिसकी एक हाथ की अंगुलियां में अपंगता हो जाने के कारण वह अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा था। जिस पर चिकित्सा विभाग के कुष्ठ रोग सुपरवाइजर भूराराम पटेल ने सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा के निर्देश पर उन्हें चिन्हित कर उपचार की कार्यवाही शुरू की। पाली सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा, डिप्टी सीएमएचओ डाॅ.विकास मारवाल के मार्गदर्शन में विभाग ने उस युवक का रि-कन्स्ट्रेक्टिव सर्जरी के लिए उदयपुर स्थित गीतांजलि हाॅस्पिटल एवं मेडिकल काॅलेज में रैफर किया गया। सरकार की योजना के तहत इस युवक का निःशुल्क आॅपरेशन हुआ। लाभार्थी के हाथ की अंगुलियां पहले की भांति पुनःक्रियाशील होने पर वह अपने आप को खुशी के मारे फूले नहीं समा रहा है। इस युवक के गुरूवार को स्वस्थ होकर लौटने पर सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि का आठ हजार रूपए का चैक स्वास्थ्य भवन पाली में सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा, डिप्टी सीएमएचओ डाॅ.विकास मारवाल, एएनएमटीसी के प्रिंसीपल केसी सैनी, कुष्ठ रोग सुपरवाइजर भूराराम पटेल, राजकुमार लखारा सहित स्वास्थ्य भवन के कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।