गांधी जयंती पर होगा संभाग स्तरीय पर्यावरण सम्मेलन
सेवा भारती समाचार
- 500 पौधे लगाए जाएंगे, संभागीय आयुक्त ने तैयारियों का जायजा लिया
जोधपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को चौखा रामराज नगर के समीप हरिश चन्द्र माथुर राजस्थान लोक प्रशासन संस्थान क्षेत्रीय प्रशिक्षण केन्द्र (ओटीएस) सभागार में सुबह 9 बजे मनाई जाएगी। इस दौरान संभागीय पर्यावरण सम्मेलन आयोजित होगा।
संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने बताया कि इस सम्मेलन के आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण चेतना व पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता है। इस सम्मेलन में संभाग के पर्यावरण से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन में नगर निगम, जेडीए, वन विभाग, सहित अन्य स्वंय सेवी संस्थानों को भी जोड़ा जाएगा। पर्यावरण सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरण विदों से सम्मेलन के दौरान वर्चुअल चर्चाकर उनके सुझाव व विचार जाने जाएंगे। संभागीय पर्यावरण सम्मेलन के अवसर पर उस दिन ओटीएस परिसर में महात्मा गांधी की मूर्ति की स्थापना भी होगी। ओटीएस परिसर में 2 अक्टूबर को विभिन्न प्रजाति के 500 पौधे लगाए जाएंगे।
संभागीय आयुक्त ने ओटीएस सम्मेलन स्थल का अवलोकन किया। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त अरूण पुरोहित, उपायुक्त जेडीए राजेन्द्र सिंह चांदावत, अनिल पूनिया, उपनिदेशक स्वायत शासन विभाग दलवीर सिंह ढड्डा, डीएसओ (सर्तकता) अनिल परिहार, डीएफओ मुकेश कुमार सैनी, अधीक्षण अभियंता नगर निगम सम्पत मेघवाल, अधीक्षण अभियंता जेडीए, पर्यावरणविद् प्रदीप शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता बलवीर भाटी, गांधीवादी सत्यनारायण गौड़ उपस्थित थे। संभागीय आयुक्त ने कहा कि जो संस्थाए शहर के पार्को,तालाबों के विकास व संरक्षण के विकास के लिए आवासीय कॉलोनियों व एनजीओं गोद लेना चाहते है उनके द्वारा नगर निगम व जेडीए में सम्पर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालो कों प्रशंसा पत्र प्रदान किया जाएगा।