वन स्टॉप सेंटर तथा बाल गृहों का औचक निरीक्षण
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार 5 बत्ती सर्किल स्थित सखी वन स्टॉप सेन्टर का औचक निरीक्षण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिद्वेश्वर पुरी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्भया प्रकरण के पश्चात् देशभर में वन स्टॉप सेन्टर की योजना लागू की गई हैं। इस योजना के अन्तर्गत खोले गए वन स्टॉप सेन्टर का मासिक निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान वन स्टॉप सेन्टर में विधिक सहायता की जानकारी दी गयी तथा सेन्टर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गयी। कोराना वायरस (कोविड-19) माहमारी को दृष्टिगत रखते हुए केन्द्र प्रबन्धक को मास्क तथा सेनेटाइजर का उपयोग आवश्यक रूप से करने तथा कोरोना वायरस से बचाव हेतु भारत सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी की गई गाइडलाइन के तहत अपनाई जाने वाली सावधानियों के संबंध में निर्देश प्रदान किए गए वन स्टॉप सेन्टर का प्रचार-प्रसार करवाने के भी निर्देश दिए गए ताकि हिंसा एवं उत्पीडऩ की शिकार महिला या 18 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं को उक्त योजना का लाभ अधिक से अधिक मिल सके। निरीक्षण के दौरान केन्द्र प्रबन्धक किरण शर्मा भी मौजूद रही। इसके साथ संप्रेषण एवं किशोर गृह समिति का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उक्त गृहों में भवन की स्थिति, खेलकूद के लिए परिसर, बच्चों की शिक्षा, उन्हें दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, भवन की साफ-सफाई, उक्त गृहों में निवासरत बच्चों के कमरों में कूलर व पंखों की स्थिति तथा उनके स्वास्थ्य परीक्षण इत्यादि से सम्बन्धित उपलब्ध समस्त व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्हेंं दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कोरोना वायरस से बचाव हेतु भारत सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी की गई गाईड लाईन के तहत अपनाई जाने वाली सावधानियों के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश प्रदान किये गये।