केंद्रीय मंत्री ने जानी एक्सपोर्टर्स, ज्वैलर समूहों की कठिनाइयां
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के एक्सपोर्टर्स और ज्वैलर समूह के साथ आत्मनिर्भर भारत समूह संवाद के अंतर्गत चर्चा कर उनके उद्योग संबंधित आ रही कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। भाजपा के संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई चर्चा में शेखावत ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान देश को आने वाले समय में एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करेगा। विगत कुछ समय से चल रही कोरोना महामारी के प्रकोप से विश्वभर के देशों पर आर्थिक संकट मंडरा रहा है और ऐसी स्थिति में आत्मनिर्भर हो कर चलना ही एकमात्र सुरक्षित उपाय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने यह पहल की है। देशभर में आत्मनिर्भर अभियान पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसी संदर्भ में राजस्थान आत्मनिर्भर भारत समूह संवाद विभिन्न उद्योग समूहों से लगातार चर्चा कर महत्वपूर्ण विषयों को संज्ञान में ले रहा है। वहीं जलशक्ति और पर्यावरण मंत्रालय की अंतर-मंत्रालयी बैठक आज आयोजित की गई। इसमें केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुरोध किया कि गंगा और इसकी प्रमुख सहायक नदियों के लिए प्रदूषण निगरानी प्रणाली को मजबूती प्रदान की जाए। जिसमें प्रदूषणकारी उद्योगों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाता है। बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के साथ समन्वय करके पानी की गुणवत्ता की निगरानी करने पर बल दिया गया और इस पर सहमति बनी कि उपयुक्त तंत्र विकसित किया जाएगा। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने बताया कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने प्रोजेक्ट टाइगर और प्रोजेक्ट एलीफेंट की तर्ज पर गैंगेटिक डॉल्फिन के संरक्षण के लिए विशेष कार्यक्रम को मंजूरी प्रदान की गई है।