हम देश बनाने वाले हैं, बांटने वाले नहीं: शेखावत

  • केंद्रीय मंत्री का कांग्रेस पर जोरदार हमला, लगाया वोट बैंक की राजनीति का आरोप

सेवा भारती समाचार 

जोधपुर। स्थानीय सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला और कहा कि हम देश बनाने वाले लोग हैं, देश बांटने वाले नहीं हैं। कांग्रेस को गुमराह और भ्रमित करने वाली पार्टी करार देते हुए कहा कि खुद अपने आप में कन्फ्यूज बने रहना कुछ लोगों की नियति और नीयत का हिस्सा होता है।केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यहां जोधपुर में मीडिया के साथ अनौपचारिक बातचीत की। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के जनता को सीधा पैसा देने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि एक होता है एन्टाइटल्मन्ट (पात्रता) के आधार पर सहयोग देना, जो कांग्रेस सरकारों ने आज तक किया है। उन्होंने केवल तुष्टीकरण और वोटबैंक की राजनीति के माध्यम से चहेतों को कुछ न कुछ देने का काम किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन लोगों के इम्पाउअर्मन्ट (अधिकार देना) का है। हम लोगों को इम्पाउअर करने के लिए पैसा दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक भूखे व्यक्ति को आप मछली दो तो शायद उसका एक समय का पेट भर सकता है। निश्चित रूप से ये तत्काल सहायता है, लेकिन यदि आप उसे मछली पकडऩा सीखा दें। कांटा और हुक दे दें तो वो जीवनभर मछली पकड़ कर अपना और परिवार का पेट पाल सकता है। ये केवल समझ का फर्क है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आत्मनिर्भर पैकज को गुमराह करने वाला बताने पर शेखावत ने कहा कि देश संघर्ष के दौर से गुजर रहा है, लेकिन ये लोग अपनी राजनीतिक सरजमी तलाशने, राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति और अपने आकाओं को खुश करने के दृष्टिकोण से बयान दे रहे हैं। जनता देख रही है कि कौन, कब और क्या कह रहा है? पहले भी जनता ने ऐसे सभी लोगों को जवाब दिया है और समय आने पर जनता फिर अनुकूल जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जहां तक डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर की बात है तो मुख्यमंत्री गहलोत की जानकारी के लिए बताना चाहता हूं कि जब कोरोना की आपदा आई, तब गरीब कल्याण पैकेज के माध्यम से 1.7 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया था। इसके माध्यम से 62 हजार करोड़ रुपए देश के 42 करोड़ लोगों के खातों में भेजा गया था। नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर शेखावत ने कहा कि अयोध्या में राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होना, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370, 35ए हटाना सरकार की बड़ी उपलब्धि हैं। एक वर्ष पूरा होने पर उत्सव मानने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि भाजपा इतनी संवेदनहीन नहीं है कि ऐसे समय में उत्सव मानने की सोचे। हमारा संकल्प समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत बनाने का है।राजस्थान के पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह के जोधपुर का मिर्चीबड़े खाने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि जोधपुर का मिर्चीवाड़ा स्वादिष्ट है। प्रधानमंत्री ने कहा भी है कि लोकल ब्रांड ग्लोब बनने चाहिए। जोधपुर का मिर्चीबड़ा पूरे विश्वभर में पहचाना जाए, ये राजस्थान के पर्यटन मंत्री होने के नाते विश्वेन्द्र सिंह का दायित्व भी है। निश्चित रूप से उनके इस कदम का स्वागत करता हूं। वैसे अगर राजनीति से ऊपर उठकर बात करें तो हमारे पारिवारिक संबंध हैं, मैं उनके घर मिर्चीवाड़ा खाने जाऊं या वो मेरे घर भोजन करने के लिए आएं, मुझे लगता है कि इसमें कहीं राजनीति खोजने की गुंजाइश नहीं है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button