उत्तर पश्चिम रेलवे ने चलाई 98 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। लॉकडाउन में रेलवे द्वारा देश के विभिन्न भागों में रोजगार संबंधी कार्यों के लिए निवास कर रहे प्रवासियों को उनके गृह राज्य में पहुंचाने हेतु श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे द्वारा भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार श्रमिकों की संख्या के आधार पर विभिन्न स्थानों के लिए स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन की योजना तैयार की जा रही है।
रेलवे द्वारा संचालित श्रमिक स्पेशल रेलसेवाओं में केवल उन्हीं यात्रियों को अनुमति प्रदान की जा रही है जिनको राज्य सरकार द्वारा चिन्हित एवं स्क्रीनिंग किया जाता है। यात्रा के दौरान यात्री फेस कवर पहन कर रहें व सोशल डिस्टेसिंग के नियमों का पालन करें, इसकें बारे में यात्रियों को बताया जाता रहता है। रेलवे द्वारा यात्रियों का पूरा ध्यान रखा जाता है तथा रास्ते में भोजन तथा पानी भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अब तक 98 श्रमिक स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन कर 1 लाख 38 हजार से अधिक प्रवासियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा चुका है। इसके अतिरिक्त आने वाले दिनों में भी आवश्कतानुसार व डिमांड के अनुरूप अन्य राज्यों के लिए भी श्रमिक स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन की योजना तैयार है। उत्तर पश्चिम रेलवे पर अब तक सौ श्रमिक स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया गया है, जोकि बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल व आन्ध्रप्रदेश सहित अन्य राज्यों के श्रमिकों के लिए संचालित की गई है।