जिला कलेक्टर ने तीन घंटों तक शहर में किया निरीक्षण
- होम आइसोलेटेड परिवारों से की बातचीत, आगामी मानसून को देखते हुए विभिन्न नालों की स्थिति का लिया जायजा
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने शुक्रवार को दोपहर लगभग 3 घंटे शहर के विभिन्न नालों की सफाई, मरम्मत आदि के कार्यो का जायजा लिया। जिला कलेक्टर ने शास्त्रीनगर थाने के सामने खेमे का कुआं स्थित नाले का निरीक्षण करने के साथ भैरूबाग नाला, मथुरादास माथुर अस्पताल के गेट नम्बर 4 के अंदर स्थित नाले व बीजेएस स्थित नाले, कलेक्टर अॅाफिस में निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण कर युद्ध स्तर पर इन नालों की सफाई व अन्य मरम्मत कार्यो के निर्देश दिए जिससे आगामी मानसून में शहरवासियों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। उपायुक्त नगर निगम अयूब खान ने जिला कलेक्टर के निरीक्षण दौरे के दौरान सभी नालों पर निगम द्वारा करवाई जा रही कार्यवाही के विषय में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से मानसून से पहले सभी नालों की पूर्ण सफाई व मरम्मत का कार्य पूर्ण करवाने का टारगेट बनाकर कार्य करवाया जा रहा है। जिला कलेक्टर ने अपने निरीक्षण के दौरे के दौरान होम आइसोलेटेड कोविड-19 संक्रमित रोगियों व उनके परिजनों से उनकी कुशलक्षेम जानी। जिला कलेक्टर ने मधुबन कॉलोनी, शास्त्रीनगर थाने के सामने, मिल्कमेन कॅालोनी, रूपनगर के सेक्टर 10 सहित विभिन्न क्षेत्रों में होम आइसोलेटेड व क्वारेंटाइन परिवारों से मिलकर बातचीत की। जिला कलेक्टर ने पड़ौसियों से भी जानकारी ली तब बताया गया कि होम आइसोलेशन की पूरी पालना की जा रही है। उनको समय-समय पर दूध, सब्जी, फल व अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण दौरे में एडीएम द्वितीय महिपाल भारद्वाज व संबंधित क्षेत्र के बीसीएम व नगर निगम के अधिकारी साथ थे।