केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक
जोधपुर। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने सूरसागर, शेरगढ़, लोहावट विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बात की और कोरोना से सावधानी बरतने की हिदायत दी।
भाजपा के संभाग मीडिया प्रमुख अचलसिंह ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशो का पालन करने की बात कही। शेरगढ़ के कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि इस संकट में हम सबको मिलकर आगे बढऩा है। अपना एवं परिवार के साथ गांव, शहर को कोरोना से बचाने के लिए सबको जागरूक करना होगा। केंद्र सरकार की तरफ से हरसंभव मदद की जाएगी। कोई गरीब भूख से न मरे इस बात के लिए सरकार के साथ हमें भी अपने आप पड़ोस का विशेष ध्यान रखना होगा। शेखावत ने आज फलोदी भाजपा जिलाध्यक्ष मनोहर पालीवाल, भालू रामद्वारा के महंत प्रेम महाराज सेखाला, भाजपा के मण्डल अध्यक्ष रूपसिंह इन्दा, शेरगढ़ के अध्यक्ष मदनसिंह, प्रधान बाबूसिंह इन्दा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष करणसिंह गोगादेव, मूलाराम चैधरी, प्रमोद जैन, पप्पूराम कछवाहा, गुलाब सिंह, उम्मेद सिंह व जसवन्त सिंह इन्दा सहित अनेक कार्यकर्ता से वार्ता की।केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज सूरसागर विधानसभा क्षेत्र संगठन के पदाधिकारियों संग वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा डिजिटल बैठक में हिस्सा लिया। लॉक डाउन से जुड़े विभिन्न आवश्यक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु किए जा रहे जमीनी कार्यों की समीक्षा की। पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी एवं कार्यकर्तागण से आवश्यक वस्तुएं के वितरण संबंधी कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। शेखावत की पत्नी नौनंद कंवर ने भी सूरसागर के भाजपा परिवार के सदस्यों से वार्ता की।