प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चौथा संबोधन
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- देश में 3 मई तक लॉकडाउन
- 20 अप्रैल से कुछ जरूरी चीजों को अनुमति
- कोरोना फैला तो परमिशन वापस
सेवा भारती समाचार
नई दिल्ली/ जोधपुर (का.सं.)। 25 मार्च को लागू हुए देशव्यापी लॉकडाउन का आज आखिरी दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 25 मिनट देश को संबोधित किया। उन्होंने 3 मई तक देश में लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया। यह भी कहा कि 20 अप्रैल से कुछ जरूरी चीजों की अनुमति दी जाएगी। अगर आपके इलाके में कोरोना पैर पसारता है तो ये अनुमति तुरंत वापस ले ली जाएगी। पिछले 26 दिन में मोदी का देश के नाम यह चौथा संदेश है। अब तक आठ राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर चुके हैं। इसमें महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पंजाब, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, तेलंगाना और तमिलनाडु शामिल हैं। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी ने भी लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया। हालांकि, मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री ने जान भी और जहान भी का नारा दिया था।