जुगाड़ से बनाई सेनेटाइजर मशीन
- जाजड़ा बंधुओं ने डिगाड़ी राजकीय अस्पताल में भेंट की
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। शहर के बड़े अस्पतालों में तो भामाशाह सेनेटाइजर मशीनें भेंट कर रहे है और सरकारी स्तर पर भी मशीनें लगाई जा रही है लेकिन डिगाड़ी गांव के दो इलेक्ट्रीशियन भाइयों ने अपने गांव के अस्पताल लिए जुगाड़ से सेनेटाइजर मशीन का निर्माण किया। उन्होंने यह मशीन डिगाड़ी के सरकारी अस्पताल में मरीजों और डॉक्टरों को सेनेटाइज करने के लिए भेंट की है।
डिगाड़ी कला गांव के जाजड़ा परिवार से जुटे इलेक्ट्रीशियन भाइयो राकेश व शिव शर्मा ने लॉक डाउन के दौरान अपने घर पर पड़े पुराने और नये इलेक्ट्रिक उत्पादों से जुगाड़ लगाकर एक सेनेटाइजर मशीन बनाकर दो तीन दिन तक उसका अपने घर पर परीक्षण किया और आज सुबह उन्होंने उक्त मशीन डिगाड़ी गांव के सेटेलाइट अस्पताल में भेंट कर दी। दोनों भाइयों की इस अनूठी पहल से डिगाडी सेटेलाइट अस्पताल में सेनेटाइजर मशीन भेंट करने पर अस्पताल प्रशासन और गांव वासियों ने दोनों भाइयों का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि जाजड़ा टाइगर फोर्स डिगाड़ी के युवा लॉक डाउन के बाद से ही घरों में बैठने की बजाय अपने स्तर और गांव के भामाशाहों के सहयोग से आसपास के इलाकों में कच्ची राशन सामग्री और तैयार भोजन के पैकेट बांटने में जुटे हुए है।