कॉविड-19 कहर: भाजपा ने राहत पैकेज के बारे में बताया
जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी ने केन्द्र सरकार द्वारा राज्य सरकार को दिए गए राहत पैकेज के बारे में विस्तार से बताते हुए आमजन तक राहत पहुंचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।भाजपा संभाग मीडिया प्रभारी जगदीश धाणदिया ने बताया कि कोरोना संकट से उपजे हालात के बाद हुए लाम्कडाउन के निर्णय से जनता को होने वाली परेशानियों से उन्हें बचाने के लिए भारत सरकार ने अनेकों घोषणाएं की है। इस संबंध में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गहलोत व जिलाध्यक्ष जोशी ने सभी मण्डल व मोर्चा अध्यक्षों व जनप्रतिनिधियों से टेलीफोन के जरिए बातचीत कर केन्द्र सरकार द्वारा जो घोषणाएं की गई उनकी जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा मनरेगा में राजस्थान के लिए 2870 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई, मनरेगा में न्यूनतम वेज राशि 182 रुपए थी जिसे बढ़ा कर 202 रुपए किया गया। उज्जवला योजना में प्रदेश के 62 लाख 77 हजार लाभार्थियों को 750 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से 470 करोड़ रुपए की राशी के सिलेण्डर मुक्त दिए जा रहे है। प्रदेश में महिला मुखिया वाले 1 करोड़ 52 लाख जन-धन खातों में 500 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से राशि डाली जा रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत इसी महीने प्रदेश के 37 लाख 20 हजार 415 किसानों को 2 हजार रुपए के हिसाब से 744 करोड़ 8 लाख 30 हजार रुपए की राशि आवंटित की गई है। भारत सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया शमन निधि के तहत राजस्थान को 740 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की है, वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग पेंशन धारकों को पेंशन के अलावा 500 रुपए दिए है, हेल्थवर्कर को 50 लाख का हेल्थकवर उपलब्ध करवाया, कोविड-19 के टीटमेंट एंव मेनेजमेंट के लिए हेल्थ सिस्टम स्ट्रेंथनिंग को मिलाकर राजस्थान को कुल 1888.13 करोड़ रुपए आवंटित किए गए है। इतनी बड़ी आपदा से लडऩे के लिए भारत सरकार ने प्रदेश सरकार को 50 हजार पीपीई किट, 1 लाख एन-95 मास्क, 2 लाख ट्रिपल लेयर मास्क की खरीद के लिए 3 करोड़ 71 लाख 15 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की है। भारत सरकार ने प्रदेश के सभी बीपीएल कार्ड धारकों को तीन महीनों के लिए निशुल्क 5 किलों गेहूं-चावल,1 किलों दाल प्रति व्यक्ति देने की घोषणा की है, प्रदेश में खाद्य आपूर्ति की कमी ना हो इसके लिए 5 अप्रेल तक, 34 हजार मेट्रिक टन गेहूं पहुंचा दिया गया है।