भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधि मण्डल ने आज जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित से भेंटकर लॉकडाउन के दौरान प्रशासन द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर रोष जताया। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा प्राप्त राहत पैकेज का समुचित तरीके से प्रयोग करने की मांग का ज्ञापन सौपा।भाजपा के संभाग मीडिया प्रभारी जगदीश धाणदिया ने बताया कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत, शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी, सूरसागर विधायक सूर्यकान्ता व्यास, पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, पूर्व उप महापौर देवेन्द्र सालेचा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता, पूर्व जिला महामंत्री महेन्द्र मेघवाल ने ज्ञापन सौंपकर जिला कलेक्टर से व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कलेक्टर को बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की भावना है कि लॉकडाउन के चलते कोई भूखा नही सोए, इस निमित वर्तमान में जो भोजन वितरण व्यवस्था निगम ने अपने हाथों में ले रखी है, वो निगम के ना चाहते हुए भी ठीक नहीं है। व्यवस्था को सेवामुखी करने की बजाय उसका राजनीतिकरण कर दिया गया है जिसे दुरुस्त किया जाना आवश्यक है। जोधपुर में अनेकों समाज/सेवा संस्थाएं पूरे मनोयोग में हर बस्ती में जरूरतमंद को खाना मिले, इस कार्य में लगी हुई थी। अनेको जगह प्रशासन ने उनके कार्य पर रोक लगा दी थी। अब कई संस्थाओं को पुन: स्वीकृति दी गयी है लेकिन इस शर्त के साथ कि वे भोजन पैकेज निगम को सुपुर्द करेंगे। भाजपा की मांग है कि निगम वहां से जो भी पैकेट लेती है तो उसका पूरा विवरण रखे। साथ ही वर्तमान में प्रशासन की पास व्यवस्था बड़ी चरमराई हुई है, इसे भी ठीक किया जाना आवश्यक है। हॉट स्पॉट या अन्य क्षेत्रों में जिन्हें किराना/सब्जियां बेचने को अधिकृत किया जाये, उनके आस पास या जहां वे निवास करते है उस क्षेत्र में अगर कोरोना संक्रमित पाए गए हो तो उन्हें अनुमति न दी जाये एवं ऐसे विके्रताओं को पूरी सावधानी रखने को पाबंद किया जाये। सेवा कार्य हेतु जिन जिन व्यवस्थाओं में जनता को सहभागी बनाया जा रहा है उनका राजनीतिकरण नही किया जाये। राशन दुकानों, बैंक, मण्डियों, भोजन सामग्री वितरण केंद्रों पर सोशल डिस्टेंस की अनुपालन नहीं हो रही है, सख्ती से पालना करवाई जाये।इस दौरान जिला कलेक्टर ने भाजपा प्रतिनिधि मण्डल को आश्वासन दिया कि जो कमियां/लापरवाही हो रही है उसको जल्द ही दूर किया जायेगा। इस अवसर पर सूरसागर विधायक सूर्यकान्ता व्यास ने माहौल को हास्यप्रद बनाने के लिये जिला कलेक्टर को कहा कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो वे धरने पर बैठ जाएगी।