30 लाख के विकास कार्यों का उद्घाटन
जोधपुर। राउंड टेबल जोधपुर की ओर से अम्बेडकर नगर कालीबेरी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाक विस्थापित भील बस्ती में तीन कक्षा कक्षों का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा विद्यालय में चार शौचालय, तीन सौ फुट बाउंड्री वाल का निर्माण कराने के साथ ही पांच पुराने कक्षा कक्षो का जीर्णोद्धार कराया गया। इन सभी विकास कार्यो का लोकार्पण पूर्व उप महापौर देवेन्द्र सालेचा के आतिथ्य में किया गया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के प्रेमचंद सांखला, प्रह्लाद राम गोयल व बालूराम खीचड़ तथा माधव सेवा समिति से संजय व विद्यालय परिवार से महेश भाटी मौजूद थे। कार्यक्रम में राउंड टेबल इंडिया के राजस्थान चेयरमैन ननदेश संचेती, प्रोजेक्ट् कन्वीनर अंकित हिम्मतरंका, जोधपुर चैप्टर के चेयरमैन अनुतोष संचेती व मृदुल सालेचा, शशांक मुंद्रा, संजय जैन, अमित कालानी, अरुण कालानी और आदित्य मुंदडा सहित अनेक पदाधिकारी व गणमान्य मौजूद थे। राउंड टेबल जोधपुर चैप्टर के चैयरमेन अनुतोष संचेती ने बताया कि स्कूल परिसर में विभिन्न प्रकार की एजुकेशनल पेंटिंग्स के अलावा कक्षाओं, बाउंड्री वाल व शौचालय के निर्माण व पुराने कक्षाओं के जीर्णोद्धार पर कुल तीस लाख रुपए की लागत आई है। पुराने विद्यालय की बिल्डिंग पर रेलगाड़ी की पेंटिंग आकर्षण का केन्द्र रही। यह अध्यापकों व छात्र-छात्राओं के लिए सेल्फी पॉइंट बन गया। वर्तमान में स्कूल में 198 विद्यार्थी अध्ययनरत है। कक्षा कक्षों व अन्य सुविधाओं के बाद यह संख्या 300 से ऊपर जाने की उम्मीद है।