जोधपुर डाक परिक्षेत्र की समीक्षा बैठक सम्पन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मानित
जोधपुर। भारतीय डाक विभाग के राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर की ओर से आज दिनांक 12.05.2026 को कार्यालय पोस्टमास्टर जनरल राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के तत्वावधान में जोधपुर डाक परिक्षेत्र के अधीनस्थ समस्त डाक मंडलों की वार्षिक समीक्षा बैठक स्थानीय Hotel Shri Ram Excellency के सभागार में आयोजित की गई । बैठक की अध्यक्षता आदरणीय श्री बी एल सोनल पोस्टमास्टर जनरल महोदय एवं कर्नल सतीश सोलंकी निदेशक महोदय, राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर द्वारा की गई ।
बैठक में बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, जैसलमेर, नागौर, पाली, सिरोही एवं श्रीगंगानगर डाक मंडलों के मंडल अधीक्षकों सहित समस्त उपमंडलीय अधिकारियों ने भाग लिया । इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय कार्यालय के समस्त सहायक निदेशक, सहायक अधीक्षक, निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे ।
समीक्षा बैठक के दौरान गत वित्तीय वर्ष में विभिन्न मंडलों द्वारा अर्जित उपलब्धियों एवं राजस्व लक्ष्यों की विस्तृत समीक्षा की गई । साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, व्यवसाय विकास, पार्सल बुकिंग, आधार आधारित सेवाएं, ईसीआर राजस्व एवं अन्य राजस्व अर्जित करने वाली सेवाओं के नए लक्ष्य मंडलों को प्रदान किए गए ।
अपने संबोधन में आदरणीय पोस्टमास्टर जनरल महोदय ने कहा कि निदेशालय द्वारा इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में अधिक लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं । अतः इन लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सभी मंडलों को अभी से सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर टीम भावना के साथ कार्य करना होगा । उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डाक विभाग की जनोपयोगी सेवाओं को आमजन तक सरल, सुलभ एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे । वहीँ निदेशक महोदय ने अपने उद्बोधन में बताया कि डाक विभाग अपनी पारंपरिक सेवाओं के साथ साथ नयी तकनिकी को अपनाते हुए वित्तीय समावेशन की दिशा अभूतपूर्व कार्य करने की दिशा में गत कुछ वर्षो निरंतर आगे बढ़ रहा है | वर्तमान समय में सरकार की डाक विभाग से बहुत उम्मीदें है अतः हमें आने वाले वर्षों में बहुत कुछ बेहतर करके दिखाना होगा |
वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में समस्त मंडल अधीक्षकों नें बारी बारी से आगामी कार्य योजना के बारे में विस्तृत विचार रखे तथा राजस्व लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्रयास कर हासिल करने का संकल्प लिया | इस बैठक में India Post Payments Bank के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं शाखा प्रबंधक, जोधपुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा विभागीय सेवाओं के विस्तार एवं वित्तीय समावेशन से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया ।
समीक्षा बैठक के उपरांत गत वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया । बचत बैंक योजनाओं में शाखा डाकपाल शेरपुरा श्री शिवदयाल शर्मा ने सर्वाधिक 1299 खाते खोलकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं उन्होंने 5 वर्षीय सावधि जमा खातों में भी 754 खाते खोलकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की ।
डाक अधिदर्शक श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नागौर उपमंडल के डाक अधिदर्शक श्री तिलोक चंद ने 12077 खातों का उत्कृष्ट निष्पादन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया । उपमंडलीय स्तर पर बीकानेर उत्तर उपमंडल के निरीक्षक डाक श्री प्रेमसिंह शेखावत ने 18496 नेट लाइव खाते खोलकर प्रथम स्थान अर्जित किया, जबकि जोधपुर पश्चिम उपमंडल के सहायक अधीक्षक श्री वासुराम मेघवाल ने विभिन्न बचत बैंक अभियानों में द्वितीय स्थान अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया ।
डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा व्यवसाय में विभागीय एजेंट श्रेणी में शास्त्रीनगर के डाक सहायक श्री सतीश डीडवानिया ने 34.52 लाख रुपये का नया प्रीमियम अर्जित कर प्रथम स्थान अर्जित किया । वहीं श्रीगंगानगर मंडल के डीओ (पीएलआई) श्री सुशील कुमार ने 69.03 लाख रुपये का नया व्यवसाय अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मंडल स्तर पर पीएलआई/आरपीएलआई प्रीमियम अर्जन में श्रीगंगानगर मंडल के अधीक्षक श्री अजय कुमार चुघ ने 2.65 करोड़ रुपये का प्रीमियम अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया । व्यवसाय विकास एवं पार्सल बुकिंग में शाखा डाकपाल लोहारवा, बाड़मेर श्री चुन्नीलाल ने 10082 आर्टिकल बुक कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
ईसीआर राजस्व अर्जन में शास्त्रीनगर उपडाकघर के उपडाकपाल श्री अनूप परिहार ने 1.25 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर उपडाकघर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया । मंडल श्रेणी में सिरोही मंडल के तत्कालीन अधीक्षक श्री सुमित कुमार सैनी ने 17.90 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 16.12 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर लगभग 90 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की ।
मेल वितरण कार्य में जसनगर उपडाकघर, नागौर के पोस्टमैन श्री संदीप मीणा ने 99.72 प्रतिशत उत्कृष्ट डाक वितरण कर प्रथम स्थान प्राप्त किया । मंडल श्रेणी में डाक वितरण प्रदर्शन के अंतर्गत पाली मंडल के अधीक्षक श्री तरुण कुमार शर्मा ने 85.33 प्रतिशत प्रदर्शन के साथ प्रथम स्थान अर्जित किया।
छंटाई सहायक श्रेणी में रेल डाक सेवा मंडल के छंटाई सहायक श्री वेद प्रकाश ने 1400 आर्टिकल प्रति घंटा की दर से उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया । इसके अतिरिक्त मेल मॉनिटरिंग यूनिट श्रेणी में पाली मंडल के कार्यालय सहायक श्री बृजेश कुमार भट्ट ने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रथम स्थान अर्जित किया । वहीँ जोधपुर मंडल के श्री विनीत ढाका नें मेल मोनिटरिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया |
कार्यक्रम के आरंभ में श्री आर.एस. भाटी, सहायक निदेशक, जोधपुर द्वारा सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों का स्वागत किया गया वहीँ अंत में श्री अरुण सोलंकी सहायक निदेशक जोधपुर द्वारा सभी आगंतुकों एवं आयोजक टीम का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया । सम्पूर्ण कार्यक्रम प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक वातावरण में सम्पन्न हुआ।