“मतदाता बने, देश गढ़े” — खोखरा विद्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) पर जागरूकता अभियान
विद्यार्थियों ने लिया संकल्प—अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ेंगे, दो पात्र नागरिकों को भी करेंगे प्रेरित
खोखरा। निकटवर्ती खोखरा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2026) के तहत मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता, नए नाम जोड़ने, सुधार और समावेशन को लेकर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना था।
अभियान में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) कमर हुसैन शेख एवं अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाता सूची की सटीकता सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने फॉर्म-6 भरने, पात्रता मानदंड, ऑनलाइन पंजीकरण और मतदाता पहचान से जुड़े प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर जितेंद्र राज टांक, चुनीलाल, मनीष कुमार, सुरेन्द्र कुमार, कैलाश दान, अंजू गुप्ता, प्रेमलता, रेखा, एनएसएस प्रभारी शंकरलाल एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
जिला सोशल मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह खोखरा ने बताया कि SIR-2026 कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को न केवल प्रक्रिया की जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें लोकतंत्र के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दिलाया गया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि—
वे स्वयं अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करेंगे। कम से कम दो अन्य पात्र नागरिकों को भी फॉर्म-6 भरने हेतु प्रेरित करेंगे।
वे बूथ लेवल अधिकारी को फॉर्म भरने और ऑनलाइन पंजीकरण कार्य में सहयोग करेंगे।
अभियान का मुख्य संदेश रहा—“मतदाता बने, देश गढ़े”, जिसमें युवाओं को भविष्य के जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने पर विशेष बल दिया गया।