मेड़ती गेट पिपलेश्वर महादेव मंदिर में शिव ब्यावला का भव्य आयोजन
हरित पुष्पों से सजा मंदिर, श्रद्धालुओं ने किया शिव महिमा का रसपान
जोधपुर। पवित्र सावन मास के उपलक्ष्य में मेड़ती गेट स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर में शिव ब्यावला का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर नीलकंठ महादेव शिव ब्यावला मंडली द्वारा शिव ब्यावला वाचन किया गया, जिसमें भगवान शिव की महिमा और विवाह प्रसंग का संगीतमय वर्णन किया गया।
मंदिर समिति के सदस्य महेंद्र सिंह चौधरी व राजकुमार चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर को हरित पुष्पों, आकर्षक फूल मंडलियों व विशेष रोशनी से सजाया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।
मंदिर के पुजारी गोपाल अभिषेक द्वारा महारुद्राभिषेक कर भगवान शिव का विधिवत पूजन किया गया। कार्यक्रम में ओम प्रकाश सोनी, गोपाल सोनी, सुगन सोनी, रतन सोनी, हरीश सोनी, राजू सोनी, राजेंद्र कुमार सैन एवं राम सिंह चौधरी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए चाय व प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।
मंदिर समिति के अध्यक्ष सरदार सिंह चौधरी ने आयोजन में सहयोग देने वाले मोहल्लेवासियों एवं नीलकंठ महादेव शिव ब्यावला मंडली का आभार प्रकट किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में सभी के सहयोग की कामना की।
इस आयोजन ने न केवल श्रद्धालुओं को भक्ति से जोड़ा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया।