भव्य रंगमंच पर साकार होंगे मानस रामायण के रोमांचित कर देने वाले पौराणिक प्रसंग

अधिस्वीकृत पत्रकार गुलाम मोहम्मद, सम्पादक, सेवा भारती, जोधपुर

सूर्यनगरी में सम्पूर्ण रामलीला का मंचन आज से; संतों के सानिध्य में होगा भव्य शुभारंभ

फुल ड्रेस रिहर्सल देखने उमड़े रामभक्त

जोधपुर । रामलीला आयोजन समिति व प्रबंध समिति आदर्श विद्या मंदिर के तत्वावधान में लाईट एंड साउंड के नवीनतम व आधुनिकतम प्रयोग पर आधारित सम्पूर्ण रामलीला के मंचन का आज से भव्य शुभारंभ होगा। यह आयोजन लगातार तीन दिन 25, 26 एवं 27 अक्टूबर तक कमला नेहरू नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर, केशव परिसर में प्रतिदिन सायं 6.00 से रात्रि 10 बजे तक किया जाएगा। संपूर्ण रामलीला के लिए देश भर के 300 से अधिक श्रेष्ठ कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी जाएगी। शुक्रवार को अयोध्यापुरी में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राघव अवतार लेंगे तो लंकापुरी में असत्य और अहंकार के प्रतीक रावण का वध कर सत्य का शासन स्थापित करेंगे।

संतों के सानिध्य में होगा इस सम्पूर्ण रामलीला के नाट्य मंचन का शुभारंभ

आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. निर्मल गहलोत ने बताया कि श्री सम्पूर्ण रामलीला में प्रत्येक दिन कार्यक्रम का शुभारंभ हमारे परम् पूज्य संतों के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। इसी कड़ी में 1008 स्वामी रामानंद जी महाराज, सैनाचार्य अचलानंद गिरी जी महाराज, परमहंस रामप्रसाद जी महाराज (रामद्वारा सूरसागर), स्वामी अमृतराम जी महाराज, संत श्री हरिराम जी शास्त्री (रामद्वारा चांदपोल), स्वामी श्री शान्तेश्वरजी महाराज (बाई जी महाराज), वैदेही श्री जगदगुरू वल्लभाचार्य जी महाराज, संत श्री कृपाराम जी महाराज (गुरुओं का तालाब), आचार्य श्री भागीरथ दास जी महाराज (जाजीवाल धोरा), संत श्री दयाराम जी महाराज (राजाराम आश्रम, शिकारपुरा), महंत श्री रामेश्वरदास जी महाराज (पाल बालाजी), संत श्री मुनीश्वर गिरी जी महाराज (दादा दरबार), संत सुंदर दास प्रभु (इस्कॉन मंदिर), संत श्री योगी प्रेमदास जी महाराज (अक्षरधाम), संत श्री रूपचंद जी महाराज, संत श्री रामतन जी महाराज, राम कथा वाचक श्री मुरलीधर महाराज,भाई श्री रवि जी महाराज तथा बालव्यास श्री राधाकृष्ण जी महाराज इस भव्य नाट्य मंचन का शुभारंभ करेंगे।

हनुमान चालीसा के वाचन का बनेगा रिकॉर्ड, सबको मिलेगी निःशुल्क हनुमान चालीसा

भव्य श्री सम्पूर्ण रामलीला के मंचन के दौरान हनुमान चालीसा का रिकॉर्ड वाचन किए जाने की भी तैयारी है। प्रत्येक दिन अतिथियों, गणमान्य नागरिकों के अतिरिक्त कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक आगंतुकों को हनुमान चालीसा का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इस तरह करीब एक लाख हनुमान चालीसा का वितरण किया जाएगा। प्रत्येक दिन हनुमान चालीसा के सामूहिक वाचन कर रामलीला की शुरुआत होगी जो एक अलग ही धर्ममय वातावरण की अनुभूति कराएगी।

तुलसीकृत रामचरित मानस का सार पहुँचेगा जन जन के मानस तक

तुलसीकृत रामचरितमानस ने सदियों से जनमानस को प्रभावित किया है। वरिष्ठ लेखक अयोध्याप्रसाद गौड़ ने मानस के प्रसंगों को आमजन की भाषा में पिरोया है। रामायण में सत्य और असत्य के बीच के संघर्ष को जिस भावपूर्ण तरीके से कलाकार प्रस्तुत कर रहें है उससे ऐसा लगेगा जैसे यह सबकुछ पारलौकिक पर्दे पर हो रहा है और धरती पर सभी उसे देख रहे हैं। सहस्रों जनों द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ सब का रोम रोम हर्षित करेगा तथा अद्भुत वाइब्स पूरे पांडाल में उत्पन्न करेगा।

सुरक्षा सहित तमाम व्यवस्थाओं के बीच तीन द्वारों से निःशुल्क मिलेगा प्रवेश

आयोजन  स्थल पर रामलीला देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा को देखते हुए तीन अलग-अलग द्वारों से प्रवेश की व्यवस्था रखी गई है। इसके तहत कर-पत्रक के माध्यम से आने वाले अतिथियों के लिए श्री हनुमान द्वार, अन्य दर्शकों के लिए श्री राम द्वार तथा विशिष्ट रूप से आमंत्रित अतिथियों को सीता माता द्वार से प्रवेश देने की व्यवस्था रखी गई है। इसके अतिरिक्त सभी दर्शकों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था की गई हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button