राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (जोधपुर) का दीक्षांत समारोह

नव आरक्षी प्रशिक्षु बैच संख्या 86/2023 के आरएसी/एमबीसी की 99 महिला एवं 239 पुरुष कांस्टेबल हुए पास आउट

जोधपुर।  राजस्थान सशस्त्र दल (आर.ए.सी) एवं एम.बी.सी की विभिन्न बटालियनों के रिक्रूट कानिस्टेबल जो आर.पी.टी.सी. जोधपुर में बेसिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रह थे, की भव्य व आकर्षक दीक्षान्त परेड का आयोजन पुलिस आयुक्त जोधपुर राजेन्द्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में आरपीटीसी के सुलतान सिंह स्टेडियम में किया गया। 

उप महानिरीक्षक पुलिस, आर.पी.टी.सी. हरेन्द्र कुमार महावर के निर्देशन मे दीक्षान्त परेड में आरपीटीसी जोधपुर के बैच संख्या 86/2023 के आर.ए.सी./ एम.बी.सी. की 99 महिला एवं 239 पुरूष कानिस्टेबल आज पास-आउट हुए हैं। 

समारोह के आरम्भ में मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया एवं परेड कमाण्डर नवीं बटालियन आरएसी टोंक के रिकूट कानि. 829 श्री भवानी सिह के नेतृत्व में परेड द्वारा 12 प्लाटूनों के रूप में सलामी मंच के सामने से तेज चाल से गुजरते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। परेड समाप्ति पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा आरपीटीसी के बैच सं. 86/23 से ग्यारवीं बटालियन आरएसी दिल्ली की श्रीमति सुमन कुमारी बेल्ट नं.384 को इण्डोर व आल राउण्ड प्रथम, सातवीं बटालियन आर.ए. सी भरतपुर की श्रीमति प्रमिला, कानि. 362 को आउटडोर प्रथम, पांचवी बटालियन आरएसी जयपुर के महेन्द्र सिंह कानि. 1094 को ड्रिल प्रथम एवं नवीं बटालियन आरएसी टॉक के धर्मराज गुर्जर कानि. 857 को फायरिंग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मेडल व प्रशस्ती पत्र प्रदान किया।

इसके पश्चात आर.पी.टी.सी. जोधपुर के कमाण्डेन्ट, श्री हरफूल सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन पेश किया तथा प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कमाण्डेन्ट ने बताया कि आरपीटीसी में बैसिक प्रशिक्षण के साथ-साथ कई स्पेशलाईज्ड कोर्स जैसे पोस्ट-ब्लास्ट इनवेस्टिगेशन कोर्स, साईबर काईम एण्ड मोबाईल फोरेन्सिक कोर्स तथा वीआईपी सुरक्षा इत्यादी कोर्स भी चलाये जाते हैं। इनसर्विस कोर्सेज के अन्तर्गत पुलिस लाईन प्रबन्धन कोर्स, मालखाना निस्तारण कोर्स, रिफ्रेशर कोर्स, रॉयट कन्ट्रोल कोर्स आदि भी शुरू किये गये है। संस्थान के प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने से पूर्व एक कार्ययोजना बनाकर सम्पूर्ण पाठ्यकम को संचालित किया जाता है, जिसमें भा.दं.सं. दण्ड प्रक्रिया संहिता, साक्ष्य अधिनियम, माइनर एक्ट. चिकित्सा न्याय शास्त्र, भारतीय संविधान आदि विषयों की जानकारी दी जाती है। आरपीटीसी जोधपुर में प्रशिक्षणोपयोगी पाठ्य पुस्तकों को पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अपडेट किया जाकर उन्हें पुस्तकों के रूप में मुद्रित करवाकर प्रशिक्षणार्थियों को दिया जाता है, जो कि बहुत ही उपयोगी साबित हुआ है। 

संस्थान का प्रमुख लक्ष्य पुलिस के जवानों को उच्च कोटि का प्रशिक्षण प्रदान करना एवं उन्हें पौष्टिक आहार, स्वच्छ आवास, चिकित्सा, मनोरंजन आदि सुविधाएं प्रदान करना है। आज पास-आउट होने वाले प्रशिक्षुओं ने अपने इण्डोर / आउटडोर प्रशिक्षण के अलावा सामुदायिक विकास की गतिविधियों में भी भाग लिया है।

दीक्षान्त परेड समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त श्री राजेन्द्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान पुलिस का इतिहास शौर्यपूर्ण एवं गौरवमयी रहा है और आज आप इस गौरवमयी परम्परा का हिस्सा बन रहे हैं। हमें समाज में एक सुदृढ, भयमुक्त एवं शांत वातावरण बनाना है और इसके लिए अपनी ड्यूटी को लगन, मेहनत एवं निष्ठा के साथ अन्जाम देना है। मैं आशा करती हूं कि आप मेरे विश्वास पर खरे उतरेंगे तथा राजस्थान पुलिस का नाम एवं स्तर ऊंचा बनाये रखेंगे। राजस्थान पुलिस का ध्येय वाक्य है ‘आमजन में विश्वास व अपराधियों में डर’। आज इस मौके पर मैं यह चाहूंगा कि आप पूरे सेवाकाल में इसे याद रखें। आमजन को पुलिस थाना और चौकी विजिट करने में किसी भी तरह का डर ना लगे और उसे विश्वास हो कि पुलिस उसकी मदद के लिए तैयार है।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड में सम्मिलित समस्त प्रशिक्षणार्थियों, प्रशिक्षण संस्थान के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को भव्य व आकर्षक परेड के आयोजन की लिए बधाई एवं आने वाले उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान की।

दीक्षान्त परेड समारोह के दौरान प्रशिक्षणार्थियों एवं नव आरक्षकों द्वारा म्यूजिकल पी.टी.. रिदम योगा, यू.ए.सी. प्रदर्शन, किया गया बैण्ड प्लाटून द्वारा बैण्ड प्रदर्शन किया गया जिस पर समारोह में उपस्थित सभी मेहमानो ने जोरदार तालियां बजाकर हाँसला अफजाई की।

दीक्षान्त परेड के अवसर पर उप महानिरीक्षक सी.आर.पी.एफ. श्री अशोक स्वामी, श्री राजेन्द्र कुमार कांवट, पुलिस उपायुक्त यातायात जोधपुर, मेजर जनरल सेवानिवृत श्री दलबीर सिंह, कमाण्डेन्ट पुलिस कमाण्डो ट्रेनिंग स्कूल श्री केवल राम, कमाण्डेन्ट प्रथम बटालियन आरएसी श्री नारायण सिंह राजपुरोहित, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल जोधपुर के कमाण्डेन्ट श्री विजय सिंह तथा भारतीय पुलिस सेवा व राजस्थान पुलिस के सेवारत एवं सेवा निवृत अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में राजस्थान के सुदूर क्षेत्रों से आए नव आरक्षकों के परिजन भी उपस्थित थे।

 परेड समाप्ति के पश्चात श्री जीवन लाल, उप अधीक्षक पुलिस आरपीटीसी जोधपुर ने मुख्य अतिथि एवं समारोह में पधारे सभी मेहमानो का आभार प्रकट किया। दीक्षान्त परेड समारोह की समाप्ति के पश्चात मुख्य अतिथि ने नव आरक्षकों से मुलाकात की ।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button