महापौर दक्षिण ने नगर निगम दक्षिण का बजट किया पेश

करीब 872.41 करोड रुपए का बजट ध्वनि मत से किया गया पारित

जोधपुर। नगर निगम दक्षिण की बोर्ड बैठक बुधवार को महापौर दक्षिण वनिता सेठ की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने अपने कार्यकाल का चौथा बजट प्रस्तुत किया।

बैठक शुरू होने से पहले नवनिर्वाचित शहर विधायक अतुल भंसाली और सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। नगर निगम दक्षिण की ओर से वर्ष 2024-25 का बजट 872 करोड़ 41 लाख 23 हजार का बजट प्रस्तुत किया जिसे ध्वनि मत से पारित किया गया। बजट में बताया गया की 777. 83 करोड रुपए की आय होगी वही 772. 48 करोड रुपए व्यय किए जाएंगे। इस बजट में महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने कई महत्वपूर्ण घोषणा की गई है।

महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को लाभान्वित तक पहुंचाने के प्रयास किया जा रहे हैं और अधिकांश पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ दिया जा चुका है, वही स्वच्छ भारत मिशन अभियान को अधिक बेहतर बनाने के लिए नगर निगम दक्षिण सतत रूप से प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, वार्ड पार्षद एवं नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी साथ ही वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की स्थापना को जल्द पूरा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के बाद नगर निगम दक्षिण ने लीज डीड, लीज डीड मनी डिपॉजिट, स्ट्रीट वेंडिंग लाइसेंस को ऑनलाइन सेवाओं से जोड़ा गया है और ऑनलाइन सेवा के माध्यम से आमजन घर बैठकर अपने प्रकरण की स्थिति जांच सकेंगे। दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीवी मिशन के तहत 891 व्यक्तियों को स्व रोजगार कार्यक्रम से लाभान्वित किया गया है, वहीं प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर स्व निधि योजना से 7589 स्ट्रीट वेंडर के ऑनलाइन ऋण फॉर्म भरवा जा चुके हैं और 3615 स्ट्रीट वेंडर को बैंक द्वारा ऋण दिया जा चुका है। इस बैठक में उप महापौर दक्षिण किशन लढ्ढा, नगर निगम आयुक्त दक्षिण टी शुभ मंगला, नेता प्रतिपक्ष दक्षिण गणपत सिंह चौहान सहित पार्षद गण एवम निगम अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

बजट में की गई महत्वपूर्ण घोषणाएं
महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने इस बार बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाए की। उन्होंने बताया कि नगर निगम दक्षिण सीमा में रहने वाले पाक विस्थापितों की बस्तियों में मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए नगर निगम विशेष प्रयास करेगा। शहर में प्रतिदिन बढ़ रही आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए चोपसनी हाउसिंग बोर्ड 16 सेक्टर में एक फायर स्टेशन का निर्माण करवाया जाएगा। शहर में बढ़ती पार्किंग की समस्या को देखते हुए नगर निगम दक्षिण की ओर से कल्पतरु शॉपिंग सेंटर, सरस्वती नगर एवं सरदारपुरा में स्थान चिन्हित कर पार्किंग विकसित करेगा। काजरी रोड पर फूड जोन विकसित किया जाएगा , साथ ही सरस्वती नगर जनसंख्या के दबाव व क्षेत्र वासियों की मांग को देखते हुए स्थान चिन्हित कर फूड जोन स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नांदड़ी गौशाला में अधिक गौवंश की संख्या होने के कारण गौशाला की क्षमता को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा वहीं बढते आवारा श्वान की संख्या को देखते हुए आधुनिक श्वान गृह बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जोधपुर नगर निगम दक्षिण क्षेत्राधिकार में स्थित ऐसे भूखंड जिनका मूल क्षेत्रफल 100 वर्ग गज का है उन भूखंडों का सेटबैक शून्य करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा, साथ ही यूडी टैक्स कार्य का संचालन करने वाली यशी इंटरप्राइजेज के खिलाफ जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की ओर से मिली शिकायत की नियम अनुसार जांच करवाई जाएगी।

शहर में दो सोलर रोड की जाएगी विकसित
महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने बजट में इस बार सोलर एनर्जी को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की, जिसमें शहर की दो रोड को सोलर रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। पांच बत्ती चौराहे से नगर निगम मुख्यालय पॉलिटेक्निक कॉलेज गेट तक और सेंट्रल एकेडमी स्कूल हाउसिंग बोर्ड से अंदाराम स्कूल चौराहे तक की रोड को सोलर रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।

पर्यटन पर रहेगा विशेष फोकस
महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने इस बार बजट में पर्यटन को लेकर महत्त्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होने उद्योग व पर्यटन की दृष्टि से चिड़िया नाथ पार्क को मनोहर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने, पर्यावरण सौंदर्यकरण के लिए सिद्धनाथ रोड पर खाली पड़ी जमीन पर पार्क विकसित करने और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 11 में रामायण थीम पर आधारित ” श्री राम उद्यान ” विकसित करने की घोषणा की।

महिलाओं को स्व रोजगार से जोड़ेगा निगम
महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने इस बार बजट महिलाओं को स्व रोजगार से जोड़ने की घोषणा की। उन्होने बताया कि महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए नगर निगम दक्षिणी ने पिक वेंडिंग जोन की स्थापना की थी इस नवाचार को आगे बढ़ते हुए नगर निगम दक्षिण भामाशाहों के सहयोग से 10 पिंक ई रिक्शा संचालित करेगा। यह ई-रिक्शा की चालक भी महिला होगी और सामाजिक उत्सव जैसे राखी, भाई दूज, तीज , गणगौर आदि के अवसर पर महिलाओं के लिए यह निशुल्क संचालित होंगे।

यह भी हुई घोषणाए
नगर निगम दक्षिण के बजट में हाउसिंग बोर्ड स्थित सब्जी मंडी जो कि वर्तमान में बंद पड़ी है उसे सुचारू रूप से चालू करवाया जाएगा जिससे वहां के निवासियों को सुविधा और रोजगार के साधन विकसित होंगे। अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत प्रतिदिन 100 पैकेट निशुल्क जरूरतमंदों को उपलब्ध करवाने की घोषणा की।

उत्सव मेले को लेकर भी हुई विशेष घोषणा
महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने बताया कि नगर निगम की ओर से प्रतिवर्ष दशहरा महोत्सव व सावन महोत्सव मनाया जाता है। इसी के तर्ज पर गणगौर मेला और रामनवमी महोत्सव भी मनाया जाएगा। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड एवं मधुबन हाउसिंग बोर्ड के दशहरा महोत्सव में भी नगर निगम दक्षिण अपना सहयोग करेगा।
साथ ही जन-जन की आस्था का पर्व विजयदशमी पर्व बहारवी रोड चौराहा स्थित रावण का चबूतरा मैदान पर आयोजित किया जाता है। जन भावना को ध्यान में रखते हुए उक्त स्थान का नाम ” श्री रामलीला मैदान ” किए जाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा।

पार्षद की अनुशंसा पर होंगे 55 लाख के विकास कार्य
महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने बजट प्रस्तुत करते हुए इस बार प्रत्येक वार्ड में पार्षद के अनुशंसा पर 55 लख रुपए के काम करवाने की घोषणा की।

नगर निगम उत्तर कार्यालय को शिफ्ट करने के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
बजट प्रस्तुत करते हुए महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने कहा कि नगर निगम उत्तर का कार्यालय वर्तमान में नगर निगम जोधपुर दक्षिण के भवन में संचालित हो रहा है, जिससे काफी अव्यवस्था होती है। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को देखते हुए पूर्व में नगर निगम उत्तर को कार्यालय अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए एक वर्ष का समय दिया गया था, लेकिन उसके बावजूद भी अभी तक नगर निगम उत्तर की ओर से यह भवन खाली नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम उत्तर कर्यालय को 31 मार्च 2024 तक स्थानांतरित करवाने के लिए राज्य सरकार को लिखा जाएगा। महापौर ने बताया कि वर्तमान एनकैप की नोडल एजेंसी नगर निगम उत्तर होने के कारण नगर निगम दक्षिण के कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है और भुगतान में विलंब होता है। इसको ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार से आग्रह किया जाएगा कि नगर निगम दक्षिण का फंड अलग से आवंटित किया जाए ।

शहर के चार मार्गो के नामकरण के प्रस्ताव पारित
बजट बैठक में महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने शहर की चार सड़कों के नामकरण करने का प्रस्ताव रखा, जिसमें भास्कर चौराहे से जसोल हेरिटेज तक मार्ग को पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री कैलाश भंसाली मार्ग करने, अंदाराम स्कूल चौराहे से चौपासनी रोड ( होटल बद्री पैलेस ) तक रोड को डॉ गोवर्धन लाल पाराशर मार्ग करने, कमला नेहरू नगर मकान नंबर 16 से लेकर डिफेंस कॉलोनी बी सेक्टर गायत्री नगर के 66 विष्णु कॉलोनी तक के मार्ग को भामाशाह बद्रीदास मूंदड़ा मार्ग करने, नई सड़क से गिरधर मंदिर (नगर निगम दक्षिण के क्षेत्राधिकार तक ) के मार्ग को स्वर्गीय जीतमल अग्रवाल मार्ग करने और सरदारपुरा डी रोड नेहरू पार्क के पीछे की रोड का नामकरण प्रो डॉ राम प्रसाद दाधीच मार्ग करने का प्रस्ताव रखा जिसे ध्वनि मत से पारित किया गया।

भंसाली और बंग की मूर्तियां होगी स्थापित
बजट बैठक में महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने बताया कि पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री कैलाश भंसाली और समाजसेवी स्वर्गीय श्री दामोदर बंग की मूर्ति शहर में स्थापित की जाएगी। इसके लिए एक समिति का गठन किया जाएगा यह समिति अग्रिम 15 दिवस में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, उसके बाद नियम अनुसार कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button