सुश्री अनीषा राठौड़ बनी मिस मारवाड़, श्री सम्राट लौहार मारवाड़ श्री
मारवाड़ महोत्सव 2023
मनोहारी लोक साँस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बिखेरा आकर्षण, बीएसएफ के थार वॉरियर शो ने जगाया रोमांच
विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों ने मोहा जन-मन
जोधपुर। देश-दुनिया में मशहूर परम्परागत मारवाड़ फेस्टिवल जोधपुर में शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। पर्यटन विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मारवाड़ महोत्सव में विभिन्न लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रोमांचक कार्यक्रमों का आकर्षण छाया रहा।
उम्मेद स्टेडियम में बहुआयामी कार्यक्रम
महोत्सव की शुरूआत शुक्रवार प्रभात में राजकीय उम्मेद स्टेडियम से हुई, जहां राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा विभिन्न लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का माधुर्य पसरता रहा। लोक संस्कृति के बहुआयामी वैभव का दिग्दर्शन कराती झांकी, बीएसएफ द्वारा थार वॉरियर शो, यशस्वी बैंड द्वारा स्टार प्रस्तुति, पतंगबाज़ी तथा पतंग प्रदर्शनी, मनोरंजक प्रतियोगिताएं आदि कई कार्यक्रम आकर्षण का केन्द्र बने रहे।
इनमें क्षेत्रवासियों ने उत्साह और उमंग से हिस्सा लेते हुए मारवाड़ के शौर्य-पराक्रम एवं पुरातन वैभव से परिपूर्ण इतिहास, महापुरुषों के गौरव, विरासतों, कला-संस्कृति एवं परम्पराओं का स्मरण किया।
मारवाड़ उत्सव पर आयोजित समारोह में सुश्री अनीषा राठौड़ को मिस मारवाड़ व श्री सम्राट लौहार को मारवाड़ श्री के खिताब से नवाजा गया।
यह रहे प्रतियोगिताओं के परिणाम
मारवाड़ महोत्सव के अन्तर्गत पर्यटक स्वागत केन्द्र, जोधपुर द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लेकर अपने हुनर का परिचय दिया।
इसदौरान् में मटका दौड़ प्रतियोगिता में सुश्री शारदा विश्नोई – प्रथम, बोरा दौड़ प्रतियोगिता में श्री फरहान असलम – प्रथम, श्री अरशद गाजी – द्वितीय एवं श्री फय्याज – तृतीय, चम्मच दौड़ प्रतियोगिता में सुश्री रीया विश्नोई – प्रथम, सुश्री जोया – द्वितीय एवं सुश्री शबनम – तृतीय, साफा बांध प्रतियोगिता में श्री अरशद अली – प्रथम, श्री बाबूलाल पटेल व श्री पेंप सिंह – द्वितीय तथा श्री मोहम्मद नय्यूम – तृतीय, मूँछ प्रतियोगिता में श्री महेश व्यास – प्रथम, श्री भगवानाराम – द्वितीय एवं श्री भंवरसिंह राठौड़ – तृतीय रहे।
पतंगबाजी ने छूई आसमानी ऊँचाइयां
सायंकालीन उत्सवी गतिविधियां सम्राट अशोक उद्यान में हुई, जहाँ पतंगबाज़ी के जरिये मारवाड़ महोत्सव ने आसमानी ऊँचाई पाते हुए गौरवगान किया। यहीं पर पतंग प्रदर्शनी के साथ ही वैविध्यपूर्ण हस्तशिल्प सामग्री की प्रदर्शनी भी लगी।
सांस्कृतिक संध्या ने जमाया रंग
शुक्रवार को संध्या उपरान्त सम्राट अशोक उद्यान के एंफीथिएटर में सांस्कृतिक संध्या ने ख़ासी धूम मचायी। इसमें लोक कलाकारों ने लोक नृत्यों और मनभावन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मनोरंजन का ज्वार उमड़ा दिया। इसमें आफताब हुसैन बैंड की स्टार परफॉर्मेंस आकर्षण का केन्द्र रही।
उल्लेखनीय है कि हर बार मारवाड़ महोत्सव पर दो दिनी आयोजनों की परम्परा रही है लेकिन इस बार चुनावी आचार संहिता के चलते इसे एक दिवसीय रखा गया।