डीआरएम ने रेलवे स्टेशन पर खाद्य वस्तओं की गुणवत्ता जांची
-विक्रेताओं को उच्च गुणवत्ता वाला आहार उपलब्ध कराने के निर्देश
-खाद्य इकाइयों पर स्वच्छता की गहन जांच
-यात्री सुविधाओं का भी लिया जायजा
जोधपुर। रेलवे ने अपने लाइसेंस धारक खाद्य विक्रेताओं को ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बेहतर साफ- सफाई रखने तथा रेलयात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बिक्री के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
भारतीय रेलवे पर मनाए जा स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को स्वच्छ आहार दिवस पर उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल प्रशासन ने ट्रेनों की पैंट्रीकारों,रेलवे स्टेशनों पर स्थित रिफ्रेशमेंट रूम,फूड प्लाजा, खाद्य पदार्थों की ट्रॉलियों व अन्य खानपान इकाइयों का सघन निरीक्षण किया तथा विक्रेताओं को निर्धारित मानकों की कड़ाई से पालना को कहा।
जोधपुर मंडल के डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने खुद रविवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य पदार्थों की समस्त इकाइयों का गहन निरीक्षण किया तथा स्टेशन परिसर,कैंटीन व स्टालों पर स्वच्छता की दृष्टि से खाद्य विक्रेताओं को विशेष उपाय बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म स्थित कैंटीन व खाद्य पदार्थों की ट्रॉलियों का निरीक्षण किया तथा बिक्री के लिए उपलब्ध खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विक्रेता इस बात का विशेष ध्यान रखें कि अपनी स्टालों पर अवधि पार सीललबंद वस्तुओं की कतई बिक्री ना करें ऐसा करते पाए जाने अथवा यात्री की किसी भी शिकायत पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।
डीआरएम ने स्टेशन पर स्थित खाद्य इकाइयों के संचालकों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं भी सुनी।इसके साथ ही उन्होंने कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए ग्राहकों से ऑनलाइन भुगतान के उचित बंदोबस्त करने को कहा तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने सूर्यनगरी एक्सप्रेस के जनरल कोचों में जाकर यात्री सुविधाएं जांची।
इस दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज जैन,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ए वासुदेवन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर रवि मीणा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक(प्रभारी) आशीष श्रीवास्तव इत्यदि भी उपस्थित थे।
ट्रेनों की पैंट्रीकारों में भी निरीक्षण
स्वच्छता पखवाड़े के तहत ट्रेनों की पैंट्रीकारों के ऑनर को खाद्य वस्तुओं के निर्माण के दौरान गुणवत्ता से जुड़े मानकों के साथ कोई समझौता नहीं करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों को सदैव ताजा व उच्च गुणवत्ता वाला स्वादिष्ट खाना उपलब्ध हो,इसका ध्यान रखने को कहा गया है।
वेंडर्स को साफ सुथरा व यूनिफार्म में रहने की हिदायत
पखवाड़े के दौरान रेलवे ने खाद्य इकाइयों से जुड़े लाइसेंसशुदा वेंडर्स को साफ सुथरा रहने,अपनी ट्रॉली अथवा कैंटीन को स्वच्छ रखने,निर्धारित यूनिफॉर्म पहन कर काम करने तथा यात्रियों से साथ सरल व्यवहार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।