इस्कॉन जोधपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाएंगे श्रद्धालु
07 सितम्बर को जन्माष्टमी पर दिन-रात खुला रहेगा जोधपुर का इस्कॉन मंदिर
जोधपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में तनावड़ा फांटा स्थित श्री श्री राधागोविन्द मंदिर, इस्कॉन जोधपुर में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 7 सितम्बर, गुरुवार को बड़े ही धूम धाम से मनाया जायेगा।
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए इंटर स्कूल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजित भगवदगीता पर आधारित संस्कार शिक्षण प्रतियोगिता के स्कूल के विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा।
संस्कार शिक्षण प्रतियोगिता में जोधपुर और बाड़मेर के 55 स्कूलों से लगभग 3 हज़ार बच्चों ने भाग लिया। नंदोत्सव 08 सितम्बर को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद का आविर्भाव महोत्सव भी मनाया जायेगा।
मंदिर के अध्यक्ष सुंदरलाल प्रभुजी ने बताया कि इस्कॉन द्वारा सम्पूर्ण विश्व के लगभग सभी देशों में जन्माष्टमी मनाये जाने वाले सबसे महत्त्वपूर्ण महोत्सव है। जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण, जिन्हे वैदिक शास्त्रों में पूर्ण पुरुषोत्तम कहा गया है, का प्राकट्य उत्सव है जिसे भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को जन्माष्टमी के रूप में विश्व भर में मनाया जाता है। यह उत्सव श्रीकृष्ण भक्तों का बहुत ही महत्त्वपूर्ण पर्व है। इस दिन भक्त आधी रात तक उपवास करके जन्माष्टमी व्रत का पालन करते है और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन इस्कॉन जोधपुर द्वारा श्री श्री राधा गोविन्द जी मंदिर में किया जा रहा है। महोत्सव में आईआईटी और एमबीएम के विद्यार्थियों द्वारा रोबोटिक्स के माध्यम से भगवान् की लीलाओं पर आधारित प्रदर्शनी, भक्त प्रहलाद गुरुकुल द्वारा प्रदर्शनी, कृष्णभावनाभावित खेल प्रदर्शनी, भगवान् की लीलाओं पर अनेक झांकिया, वैदिक ग्रन्थ प्रदर्शनी इत्यादि कृष्णभावनाभावित प्रदर्शनियां बड़े पंडाल में लगायी जाएँगी। जिसकी तैयारी तेजी से चल रही है। मंदिर को अनेक फूलों से सजाया जायेगा एवं सभी दर्शनार्थियों के लिए सहगारी महाप्रसादम भी वितरित किया जायेगा। भगवान् के दर्शन व् कीर्तन पुरे दिन खुले रहेंगे।
कार्यक्रम प्रातः 4:30 बजे मंगला आरती से ही शुरू हो जायेंगे जिसमे श्रृंगार दर्शन 7:30 बजे व् श्रीमद भागवतम कथा प्रातः 8 बजे होगी। प्रातः 8:30 बजे से इंटर स्कूल प्रतियोगिताएं शुरू होगी जिसमे श्लोक पाठ, नृत्य, भजन गायन, रंगोली, ड्राइंग की प्रतियोगिताएं होगी, जिसमे जोधपुर के विभिन्न स्कूलों के अनेको विद्यार्थी भाग ले रहे है। विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये जायेंगे। मुख्य कार्यक्रम संध्या समय 5.30 बजे से शुरू होगे, जिसमे सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, मटकी फोड़ प्रतियोगिता, कृष्णाज बैंड परफॉरमेंस, भक्त प्रहलाद गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा नाटिका एवं नृत्य प्रस्तुति, आईआईटी व एमबीएम कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा नाटिका का मंचन, संध्या आरती सायं 7 बजे होगी, कीर्तन व् श्रीकृष्ण कथा रात्रि 9 बजे, संस्कार शिक्षण प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण रात्रि 9:30 बजे, भगवान श्री श्री राधा गोविंदजी का पञ्च गव्य से महाअभिषेक रात्रि 11 बजे किया जायेगा, भक्तों द्वारा भगवान् को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किये जायेंगे एवं महाआरती मध्यरात्रि 12 बजे होगी। प्रभुजी ने बताया की भक्त मंदिर में आकर भगवान् गोपाल का अभिषेक करने के लिए पंजीकरण करवा सकते है। गोपाल अभिषेक सायं 7 बजे से प्रारम्भ होगा ।
आगे प्रभुजी ने बताया की हर वर्ष की भांति नंदोत्सव को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद का जन्म तिथि 8 सितम्बर को बड़े ही धूम धाम मनाया जायेगा, जिसमे कथा कीर्तन अभिषेक व महाप्रसाद वितरण किया जायेगा। विश्व के सभी इस्कॉन मंदिर में यह एक महत्त्वपूर्ण महोत्सव होता है जिसमे भक्त श्रील प्रभुपाद का गुणगान करते है एवं उनके द्वारा दिए गए दर्शन व् उनके जीवन आदर्श द्वारा प्रभावित होकर और उत्साह से वैश्विक शांति के लिए पुरे विश्व में प्रचार करते है ।