ध्रुपद गायन से सजेगी अकादमी मासिक संगीत सभा की शाम
मासिक संगीत सभा में पहली बार होगा ध्रुपद गायन
जोधपुर। राजस्थान संगीत नाटक अकादमी द्वारा आयोजित मासिक संगीत सभा में पहली बार ध्रुपद गायन और संतूर वादन होगा ।
भारतीय शास्त्रीय संगीत की विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु राजस्थान संगीत नाटक अकादमी सदैव प्रयासरत रही है और इन्हीं प्रयासों के अंतर्गत जोधपुर में लगातार मासिक संगीत सभा का आयोजन किया जा रहा है।
अकादमी अध्यक्षा श्रीमती बिनाका जेश ने बताया कि इसी क्रम में आज सोमवार की शाम सुप्रसिद्ध ध्रुपद गायिका रूबी मलिक एवं युवा संतूर वादक फैमान खान अपनी प्रस्तुति देंगे।आकाशवाणी द्वारा श्रेणी प्राप्त शास्त्रीय गायिका श्रीमती रूबी मलिक गोस्वामी दरभंगा घराने की 13वीं पीढ़ी से ताल्लुक रखती हैं। इसके साथ ही कई ख्यातनाम मंचों पर आप प्रस्तुति दे चुकी हैं।
युवा कलाकार फैमान खान उस्ताद पत्ती खान के शिष्य हैं तथा संतूर वादन के साथ-साथ गायन एवं सारंगी वादन में भी दक्षता प्राप्त है। अकादमी सचिव एल एन बैरवा ने बताया की मासिक संगीत सभा का आयोजन शाम 7:30 बजे अकादमी सभागार में होगा।