देवासी समाज ने जोधपुर में किया शक्ति प्रदर्शन

देवासी समाज महाकुंभ में लोग परंपरागत वेशभूषा सफेद धोती-कुर्ता, कुर्ता-पायजामा और लाल पगड़ी पहन कर आए

जोधपुर। विधानसभा चुनाव से पहले जोधपुर में देवासी समाज ने शक्ति प्रदर्शन किया। देवासी समाज महाकुंभ में लोग परंपरागत वेशभूषा सफेद धोती-कुर्ता, कुर्ता-पायजामा और लाल पगड़ी पहन कर आए। महिलाएं भी परंपरागत लाल पोशाक धारण कर पहुंचीं।

जोधपुर के रावण का चबूतरा मैदान पर रविवार सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ सम्मेलन शाम 4:00 बजे तक चला। इसमें पूर्व मंत्री रतन देवासी, ओटाराम देवासी, भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सागर रायका, फिल्म एक्ट्रेस आशा सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री सांवलाराम देवासी समेत कई हस्तियां पहुंचीं। नून मठ के रामपुरीजी महाराज ने सरकार से देवासी समाज की 5 मांगों का जिक्र किया और हर मांग के साथ हर-हर महादेव के नारे लगवाए।

रावण का चबूतरा मैदान में विशाल डोम तैयार किया गया था। देशभर से बड़ी तादाद में देवासी समाज के लोग महाकुंभ में पहुंचे। कई लोग तो ऑडी, मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारों से आए। महाकुंभ के लिए देशभर में बसे देवासी समाज के लोगों को 2 महीने से पीले चावल भेजकर न्योता दिया जा रहा था।

ये 5 मांग देवासी समाज ने की

1. आरक्षण को लेकर विसंगतियों को दूर करने के साथ ही देवासी समाज को रिजर्वेशन का उचित लाभ दिया जाए।

2. देशभर में देवासी समाज के लाखों लोग हैं, लेकिन राजनीतिक भागीदारी बहुत कम है। समाज के लोगों की संख्या के अनुसार राजनीति में भागीदार बनाया जाए।

3. जिला और ब्लॉक स्तर पर देवासी समाज की शिक्षण संस्थाओं का निर्माण किया जाए।

4. पशुपालक बिरादरी से आते हैं। हरियाणा, गुजरात, मेवाड़, गोरवाड़ तक गाय, ऊंट, भेड़-बकरी चराते हैं। समाज के लोग जो घुमंतू हैं उनके पास आवासीय पट्‌टे नहीं होते। वे भूमि से वंचित रहते हैं। घर लौटते हैं तो उन्हें रहने की जगह नहीं मिलती। भूमिहीन देवासी समाज के लोगों को गांव में पट्‌टा दिया जाए। रेवड़ चराने वाले लोगों को सरकार पट्‌टा आवंटित करे।

5. घुमंतू परिवार के बच्चों के लिए प्रदेशभर में आवासीय विद्यालय खोले जाएं।

पूरा पंडाल दिखा लाल पगड़ी में ‘लाल’ नजर आया
तेलंगाना, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक समेत देशभर से बसों, कारों और अपने-अपने साधनों से देवासी समाज के लोग महाकुंभ में हिस्सा लेने पहुंचे। लाल पगड़ी पहने होने के कारण पूरा पंडाल लाल नजर आया।

सम्मेलन में महंत योगी लक्ष्मणनाथ, केंद्रीय ऊन कल्याण बोर्ड अध्यक्ष गोरधन राईका, भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश खाराबेरा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतपाल देवासी भी शामिल हुए।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button