पीत वस्त्रधारी साधकों ने दी 1008 कमल पुष्पों से आहुति

संवित धाम आश्रम में लक्ष्मीनारायण यज्ञ संपन्न

जोधपुर। पवित्र पुरूषोत्तम मास के सम्पूर्ण होने पर 16 अगस्त को दईजर लाछा बासनी स्थित संवित धाम आश्रम में 9 कुंडीय लक्ष्मीनारायण यज्ञ आयोजित किया गया। संत सरोवर सोमनाथ महादेव मंदिर, अर्बुदाचल के महंत स्वामी नारायण गिरि महाराज के सानिध्य में आयोजित यज्ञ में भगवान विष्णु की मालपुओं की अर्चना के साथ साथ 1008 कमल पुष्पों से अर्चना और आहुति दी गई। मुख्य यजमान भरत जोशी ने सपत्नीक पूर्णाहुति दी। सभी साधकों ने पीली धोती, पीला उपवस्त्र और महिलाओं ने भी पीली साड़ी पहिनी थी। सभी साधकों ने मिल कर एक लाख इक्कीस हजार वेद मंत्रों की आहुति दी।

संवित साधनायन संस्थान की अध्यक्षा रानी उषा देवी और सचिव भरत जोशी ने बताया कि परमहंस स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा स्थापित संवित धाम आश्रम में लक्ष्मी नारायण यज्ञ अग्निहोत्री पंडित नवरतन व्यास के आचार्यत्व तथा महेश हर्ष के सह आचार्यत्व में आयोजित किया गया। पुरुषोत्तम मास में पूरे माह जिन साधकों ने संकीर्तन का आयोजन किया उनको सम्वित वसिष्ठ संकीर्तन मंडली के राजेंद्र वसिष्ठ की तरफ से धोती, वस्त्र व चांदी का सिक्का दिया गया जो स्वामी नारायण गिरि ने प्रसाद स्वरूप सभी को दिया। इसी तरह शशि पुरोहित व रामराज पुरोहित की तरफ से सभी साधकों को तुलसी का पौधा तथा सुरभि बोहरा व निखिल बोहरा की तरफ से सभी और ऑर्गेनिक खाद के पैकेट वितरित किए गए।

संवित साधनायन संस्थान के कोषाध्यक्ष श्यामकिशन बोहरा व बृजेश हर्ष ने बताया कि इस अवसर पर संवित धाम में संचालित कामधेनु गौशाला के लिए राजन कुमार दैय्या ने अपने माता पिता की स्मृति में चारा कटिंग मशीन भेंट की जिसका लोकार्पण स्वामी नारायण गिरि महाराज ने किया। इससे पहले गुरु आज्ञा लेकर लक्ष्मीनारायण यज्ञ का शुभारंभ हुआ। यज्ञ पूर्णाहुति के बाद आयोजित संवित सभा में स्वामी नारायण गिरि महाराज ने आशीर्वचन देते हुए जोधपुर के संवित साधकों, शहर के धर्मावलंबी नागरिकों को आशीर्वाद प्रदान किया जिनके सहयोग से पवित्र पुरूषोत्तम मास में जोधपुर शहर में भव्य वैदिक अनुष्ठान, संकीर्तन आयोजित हो सका।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button