भाजपा का सचिवालय का महाघेराव

सरकार पंक्चर हो गई, अब बदलनी पड़ेगी : शेखावत

महाघेराव रैली में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने लिया भाग, गिरफ्तार हुए

जयपुर/जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से गहलोत सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान के तहत मंगलवार को जयपुर में विशाल रैली और सचिवालय का महाघेराव किया गया। महाघेराव में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गिरफ्तारी दी। भाजपा कार्यालय पर हुई विशाल सभा में शेखावत ने कहा कि गहलोत सरकार अब पंक्चर हो चुकी है। इसे बदलना ही पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए वे अब चुनाव तक चुप नहीं बैंठेंगे।

शेखावत बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा कार्यालय से खुले ट्रक में सवार होकर सचिवालय की ओर निकले। स्टेच्यू सर्किल पर पुलिस की बेरिकेडिंग क्रॉस कर वे आगे जाने लगे तो पुलिस ने वॉटर केनन से बौछार कर दी। बौछार में भीगने के बावजूद वे कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़ते रहे। बाद में प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया, सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ आदि के साथ गिरफ्तारी दी। पुलिस उन्हें बस में बैठाकर ले गई।

इससे पहले, भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की विशाल सभा में शेखावत ने अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैरों में बंधी पट्टी की तुलना पंक्चर टायर से की और कहा कि जिस प्रकार गाड़ी में पंक्चर होने पर उसे चलाया नहीं जा सकता। इसी प्रकार अशोक गहलोत सरकार भी पंक्चर हो गई है। इसे अब बदलना ही पड़ेगा। उन्होंने नहीं सहेगा राजस्थान से जुड़े नारे लगाए।

शेखावत ने कहा कि काल के कपाल पर लिखा हम मिटाएंगे। भ्रष्टाचारियों से राज्य को मुक्ति हम दिलाएंगे। तुष्टिकरण और माफिया के राज को समाप्त कर कांग्रेस से कुराज से राजस्थान को मुक्त कराएंगे।
उन्होंने कहा कि यह सरकार धोखा देकर आई है। इसे जनता अब सहन नहीं करेगी। उन्होंने नारा लगवाए जिसके जवाब में कार्यकर्ताओं ने भी जोशीले अंदाज में जवाब दिया।

प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को सड़कों पर रोक लिया
मीडिया से बात करते हुए शेखावत ने कहा कि भाजपा कार्यालय से सचिवालय तक, जहां आलमारियां सोना उगल रही है, लाखों लोग पहुंचे। इन कार्यकर्ताओ की संख्या से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि गहलोत सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश है। इसके अलावा लाखों कार्यकर्ताओं को शहर के बाहरी चौराहों पर ही रोक लिया गया। उनकी गाड़ियों को अंदर नहीं आने दिया गया।

कितनी लाल डायरिया है
शेखावत ने कहा कि हम साढ़े चार साल से कह रहे है कि यह सरकार भ्रष्टाचारी है। यहां तक कि सरकार में बैठे लोग कह रहे थे कि यह सदी की सबसे भ्रष्टाचारी सरकार है। लाल डायरी ने इसकी पोल खोलकर रख दी है। भ्रष्टाचार की न जाने कितनी लाल डायरियां है। एक तो एक डायरी थी। माइनिंग की डायरी अलग होगी। ठेकों में भ्रष्टाचार की डायरी अलग है। आबकारी भ्रष्टाचार की डायरी अलग है। कितनी ही नील पीली डायरियां भ्रष्टाचार की होंगी। इन सब डायरियों का हिसाब जनता इस बार करने वाली है।

बेहोश कार्यकर्ता को सहारा दिया
भाजपा कार्यालय से रवाना होते समय भीड़ में एक कार्यकर्ता बेहोश हो गया। केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने उन्हें सहारा दिया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button