पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत 11 लाख 25 हजार की राशि स्वीकृत
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जारी की स्वीकृत
जोधपुर। राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना राजस्थान पीड़ित प्रतिकर स्कीम 2011 के तहत सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) जोधपुर महानगर, जोधपुर श्री चन्द्र शेखर शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न प्रकरणों में पीड़ित पक्षों को उक्त योजना के तहत कुल 11 लाख 25 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की गई जो कि शीघ्र ही पीड़ितों को आवंटित की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुरेन्द्र सिंह सांदु ने बताया कि अपराध के विरूद्ध हुई हानि की पूर्ति के लिए राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना 2011 के तहत सोमवार को अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें सचिव, सुरेन्द्र सिंह सांदु, सदस्य, न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय मुजफ्फर चौधरी, न्यायाधीश मोटरयान दुर्घटना दावा अधिकरण, जोधपुर महानगर विनोद कुमार सोनी, न्यायाधीश, पोक्सो न्यायालय, जोधपुर सूर्य प्रकाश पारिक, पुलिस उपायुक्त पूर्व, डॉ अमृता दुहन जोधपुर, पुलिस उपायुक्त, जिला पश्चिम, गौरव यादव, राजकीय अधिवक्ता, जिला न्यायालय, जोधपुर महानगर केशर सिंह नरूका, अध्यक्ष, राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसियेशन, जोधपुर नाथुसिंह राठौड़, इत्यादि सदस्यों ने विभिन्न प्रकरणों में पीड़ितों के लिए 11 लाख 25 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की जो शीघ्र ही संबंधित पक्षकारों को आवंटित की जाएगी।