जिला कलेक्टर की इंसीडेंट कमांडर्स के साथ कोविड समीक्षा बैठक आयोजित
जोधपुर। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह ने इंसीडेट कमाण्डर्स को निर्देश दिए है कि वे अपने अपने क्षेत्र में अधिकाधिक वैक्सीनेशन करवाने की जिम्मेदारी को प्रभावी रूप से निभाए। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन को बढावा देने के कार्य पर पूरे फोकस के साथ कार्य करें। प्रत्येक इंसीडेंट कमाण्डर्स अपने जोन में एक-एक वैक्सीनेशन सेन्टर की सम्पूर्ण जिम्मेदारी लेकर वहां अधिकाधिक वैक्सीनेशन करवाएं।
जिला कलक्टर इन्द्रजीत सिंह इंसीडेंट कमाण्डर्स के साथ शहर में कोरोना संक्रमण की स्थिति व इसकी रोकथाम के संबंध में समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर का सामना करने के लिए वैक्सीनेशन के कार्य को अधिक प्रभावी रूप से करें। उन्होंने कहा कि हमारी ओर से कोविड संक्रमण की तीसरी लहर का मुकाबला करने में कोई कसर नहीं छोडऩी है और इसके लिए बेहद महत्वपूर्ण है कि वैक्सीनेशन को प्राथमिकता से लिया जाये। उन्होंने कहा कि शहर में वैक्सीनेशन का कार्य अच्छा होने के कारण संक्रमण का स्तर काफी कम हुआ है। इसलिए प्रत्येक इंसीडेंट कमाण्डर अपने जोन के पाषर्दो व पुलिस अधिकारियों को सहयोग लेकर वैक्सीनेशन के कार्य को गति प्रदान करे।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को नि:शुल्क वैक्सीनेशन लगवाने के कदम से न केवल संक्रमण के प्रसार की रोकथाम में सहायता मिली है बल्कि आमजन की मानसिकता में भी सकारात्मकता आई है। इसी कारण लोग बड़े ही उत्साह के साथ वेक्सीन लगवा रहे है। उन्होंने अधिकारियों से उनके जोन में चल रहे पोस्ट कोविड सर्वे, आरटीपीसीआर, रेपिड एंटीजन किट, सुपर स्प्रेडर की सेम्पलिंग व जोन वाइज प्रत्येक आयु वर्ग के वैक्सीनेशन कार्य की जानकारी ली और उनके द्वारा रखी गयी शंकाओं, समस्याओं का समाधान भी किया।
जिला कलेक्टर ने समस्त इंसीडेट कमाण्डर्स को अपने जोन में नियमित फील्ड विजिट कर वैक्सीनेशन साइट का निरीक्षण करने के साथ ही आमजन का फीडबैंक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक इंसीडेंट कमाण्डर्स को अपने जोन से संबंधित सम्पूर्ण डेटा ध्यान में रखकर गंभीरता से कार्य करना है। जिससे कोविड की संभावित तीसरी लहर में किसी प्रकार का कोई गेप न रहे। साथ ही अपनी टीम के मनोबल को भी बढाये रखना है। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ इन्द्रजीत यादव, एडीएम प्रथम मदन लाल नेहरा, नगर निगम उत्तर के आयुक्त आरएस तोमर, नगर निगम दक्षिण के आयुक्त डॉ अमित यादव सहित समस्त इसीडेंट कमाण्डर्स ने भाग लेकर विचार विमर्श किया।