शराब पीकर मजदूर की हत्या, कुकर्म भी किया
जोधपुर। शहर के निकटवर्ती डांगियावास थाना क्षेत्र में एक मजदूर की साथी मजदूर ने हत्या कर दी। पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। फिर किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसमें एक मजदूर ने दूसरे से थापा मुक्कों से पिटाई कर डाली। अद्र्ध मूर्छित हुए मजदूर के साथ उसने कुकर्म भी किया। सूचना पर जब पुलिस वहां पहुंची तो मजदूर अद्र्धनग्न हालत में मिला। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना रविवार रात की है। पुलिस को सोमवार को घटना के बारे मेंं किसी तीसरे मजदूर ने जानकारी दी। तब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। शव का आज मथुरादास माथुर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता लग पाएगी। आरंभिक तौर उसकी मौत कुकर्म से होना बताया गया है। पुलिस अब आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुटी है।डांगियावास थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि पाली जिले पड़ासलाकलां गांव का एक मजदूर परिवार और रोहिट कस्बे के मंडली दर्जियान गांव के भैराराम का परिवार यहां जोधपुर में बिसलपुर स्थित रूडनाडा गांव में अंगे्रजी बबूल को जलाकर कोयला बनाकर बेचने का कार्य करते है। दोनों परिवार एक ही जाति के है। रविवार रात को 40 वर्षीय मृतक और भैराराम गांव में साथ बैठकर शराब पी रहे थे। तब इनके बीच किसी बात को लेकर बोलचाल हुई। भैराराम ने थापा मुक्कों से साथी मजदूर के साथ मारपीट की। इससे वह अद्र्ध मूर्छित हो गया। तब भैराराम ने उससे कुकर्म किया। बाद में वह भाग गया। संभवत: भैराराम को अंदेशा हो गया था कि उसका साथी मजदूर मर गया है। तब उसने अपने तीसरे साथी मजदूर को घटनाक्रम बता दिया। इस पर तीसरे मजदूर ने पुलिस तक इसकी सूचना पहुंचाई। इस पर डांगियावास पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल से शव को बरामद किया। बाद में शव को मथुरादास माथुर अस्पताल भिजवाया गया। शव का आज मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। उसकी कोविड जांच भी करवाई गई है। थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि इस बारे में मृतक के पिता की तरफ से भैराराम के खिलाफ हत्या एवं कुकर्म में केस दर्ज करवाया गया। वह अभी फरार है और उसकी तलाश चल रही है।