जेडीए दस्ते ने अतिक्रमणों को किया ध्वस्त
जोधपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा नियमित रूप से अवैध, अनाधिकृत निर्माणों, अवैध कॉलोनियों, पार्किंग के इतर निर्मित बहुमंजिला इमारतों, सडक़ मार्गाधिकार के अतिक्रमणों तथा विभिन्न अन्य अतिक्रमणों पर सख्त कार्यवाही की जा रही है। मंगलवार को प्राधिकरण दस्ते द्वारा विभिन्न स्थानों पर अवैध निर्माणों को बंद करवाते हुए अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन अधिकारी प्रवीण गहलोत ने बताया कि उपायुक्त पश्चिम नीरज मिश्र के निर्देशानुसार दस्ते द्वारा ग्राम चौखा के राधकृष्णापुरम योजना के पास स्थित उम्मेदसागर बांध का मौका निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर हाल ही में चारदीवारी, कच्चे-पक्के निर्माण, सीमेंट ईंटों से निर्मित लौहे के टीनशेड़ लगाकार कच्चे मकान का निर्माण कर अतिक्रमण पाया गया। प्रवर्तन अधिकारी अमरसिंह रतनू ने बताया कि उपायुक्त दक्षिण राजेन्द्र सिंह चांदावत के निर्देशानुसार दस्ते द्वारा राधाकृष्णा विहार का मौका निरीक्षण किया गया। मौका निरीक्षण के दौरान राधाकृष्णा विहार खसरा संख्या 76 व 78 में भूखण्ड़ संख्या 153, 154 तथा 155 पर अलग-अलग गोदाम का निर्माण कार्य करवाया जा रहा था।
प्राधिकरण दस्ते द्वारा उक्त कार्यवाहियों के दौरान अवैध निर्माण कार्य को बंद करवाते हुए निर्माण में काम आने वाले औजारों को जब्त कर प्राधिकरण कार्यालय लाया गया, साथ ही ग्राम चौखा स्थित उम्मेद सागर बांध के निकट प्रगतिरत अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। इसी प्रकार दस्ते द्वारा उपायुक्त उत्तर कंचन राठौड़ के निर्देशानुसार ग्राम आंगणवा का मौका निरीक्षण किया गया। ग्राम आंगणवा के खसरा संख्या 75 व 75/3 तथा 75 व 116 में कृषि भूमि पर मकान का निर्माण कार्य प्र्रगतिरत था। दस्ते द्वारा मौके पर अवैध निर्माण कार्यों को बंद करवाते हुए नवनिर्मित निर्माण कार्य को ध्वस्त कर हटाया गया। कार्यवाहियों के दौरान प्रवर्तन निरीक्षक पश्चिम संतोष पंवार, प्रवर्तन निरीक्षक अनिल शर्मा मय जेडीए का अतिक्रमण निरोधक दस्ता मौजूद रहा।