राजपूत शिक्षा कोष से कमजोर बच्चों को मिल रहा संबल
जोधपुर। राजपूत समाज के शिक्षा प्राप्त कर रहे आर्थिक दृष्टि से कमजोर विद्यार्थियों को सम्बल प्रदान करने के लिए पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. नारायणसिंह माणकलाव की अगुवाई में स्थापित राजपूत शिक्षा कोष के लिए समाज बंधुओं का सहयोग लगातार मिल रहा है व अनेक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल रहा है।
डॉ. माणकलाव की मुहिम से प्रेरित होकर पूर्व कर्नल स्वर्गीय कमलेन्द्रसिंह भाटी की पत्नी गायत्री कुमारी ने मारवाड़ राजपूत सभा भवन में जाकर वहां राजपूत शिक्षा कोष के कार्यालय में डॉ. माणकलाव को समाज के बालकों की शिक्षा सुविधा के लिए दस हजार की राशि सहयोग स्वरूप भेंट की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आगे आकर इस मुहिम में सहयोग करना चाहिए ताकि समाज के आर्थिक दृष्टि से कमजोर प्रतिभावान बच्चों को बिना दिक्कत के आगे अध्ययन जारी रखने का मौका मिल सके। इस अवसर पर पूर्व आरएएस चनसिंह उदावत, पूर्व आरपीएस व सचिव मारवाड़ राजपूत सभा बिशनसिंह सोढ़ा, पूर्व मुख्य अभियंता आरएसईबी माधोसिंह राठौड़ भी उपस्थित थे।
डॉ. माणकलाव ने बताया कि समाज के प्रतिभावान बच्चों को सम्बल प्रदान करने के लिए राजपूत शिक्षा कोष की स्थापना ढ़ाई वर्ष पूर्व दस करोड़ के लक्ष्य के साथ की थी। उन्होंने बताया कि इस कोष में लगातार सहयोग मिल रहा है व बूंद-बूंद से सहयोग रूपी घड़ा भर रहा है। उन्होंने समाज बंधुओं से इस कोष में सहयोग की अपील की है। डॉ. माणकलाव सहयोग के लिए जोधपुर शहर व मारवाड़ के अन्य जिलों में जाकर राजपूत शिक्षा कोष के लिए सहयोग मांग रहे हैं व जहां भी जाते हैं भरपूर सहयोग मिल रहा है व सभा भवन में आकर भी सहयोग दे रहे हैं।