कोई भी व्यक्ति चिकित्सा सुविधा से वंचित नहीं रहे: जिला कलेक्टर

जोधपुर। जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार का चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेक्टर पर सर्वाधिक फोकस है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निरोगी राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने के लिए व सम्पूर्ण देश में राजस्थान को चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी पायदान पर पहुंचाने के लिए विभिन्न नवीन अभिनव योजनाएं प्रारंभ की है। हम सभी का कर्तव्य होना चाहिए कि राज्य सरकार की मंशा अनुरूप आमजन को गुणवतापूर्ण चिकित्सा सेवा का लाभ समय पर दिया जाये। कोई भी व्यक्ति चिकित्सा सुविधा से वंचित नहीं रहे।
जिला कलेक्टर जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीआरडीए सभागार में लगभग 4 घंटे चली बैठक अध्यक्ष के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने विभिन्न विभाग के अधिकारियों से कहा कि आप सभी सीधे तौर पर आमजन को जीवनरक्षा का पुनीत कार्य कर सकते है। अत: सभी संवेदनशील रहकर आमजन को चिकित्सा सेवाओं से अधिकाधिक लाभांवित करने की मंशा से सतत व कारगर प्रयास करते रहे। जिस प्रकार कोविड मैनेजमेंट व वैक्सीनेशन के कार्य में जिले ने अच्छा कार्य किया है उसी प्रकार चिकित्सा से जुड़ी हर फ्लैगशिप योजना के सफल क्रियान्वयन की ओर प्रयासरत रहे।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिये कि आयुष्मान भारत राजस्थान महात्मा गांधी स्वास्थ्य बीमा योजना का सक्रिय व प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए राजकीय के साथ साथ इमपेनल्ड निजी अस्पतालों में आने वाले पात्र रोगियों को योजना अनुसार पैकेज बुक करके स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाये।
जिले में अब तक 37 राजकीय अस्पताल व 10 निजी अस्पतालों में योजना के तहत पैकेज बुक करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिये कि इस योजना के तहत न्यूनतम क्लेम रिजेक्शन हो इस बात का विशेष ख्याल रखा जाये।
जिला कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा योजना आमजन के लिए वरदान की तरह है। उन्होंने निर्देश दिये कि योजना के तहत दवाई की सप्लाई चैन की प्रभावी मोनिटरिंग रखते हुए दवाईयों की उपलब्धता, निकटतम अवधि पार दवाइयों का समय रहते प्रभावी उपयोग विषयों पर विशेष ध्यान रखते हुए व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले के ड्रग स्टोर के साथ ब्लॅाक स्तर पर भी ड्रग वेयर हाउस में दवाइयों के सुसंधारण व रोगियों द्वारा ली जाने वाली दवाइयों की पर्चीयों का शत प्रतिशत इन्द्राज ई औषधि साफ्टवेयर में करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री नि:शुल्क जांच योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा निर्धारित समस्त नि:शुल्क जांचे आमजन को सुगमता से उपलब्ध करवाये। इसके लिए सीएचसी स्तर पर निर्धारित समस्त 37 प्रकार की जांचों से आमजन को अधिकाधिक लाभान्वित करें। इस योजना का लाभ समान रूप से समस्त सीएचसी पर उपलब्ध करवाये। उन्होंने योजना की प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाये।
जिला कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि सिलिकोसिस रोगियों व उनके परिजनों को समय पर लाभान्वित किया जाए इस ओर सिलिकोसिस मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच कर निर्धारित सिलिकोसिस प्रमाण पत्र जारी करें। जिससे मुख्यमंत्री द्वारा सहायता राशि देकर लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सिलिकोसिस नीति से संबंधित प्रमाणों का निस्तारण प्राथमिकता से करें।
जिला कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संवेदनशीलता के साथ मुख्यमंत्री जननी सुरक्षा योजना व राजश्री योजना के तहत अधिकाधिक लाभांवितों को लाभ मिले इसके लिए योजना का व्यापक प्रसार भी करें। मुख्यमंत्री जननी सुरक्षा का लाभ प्रत्येक लाभार्थी को मिले सके। इसके लिए प्रसव पूर्व जांच से ही आशा व एएनएम द्वारा यह जानकारी प्रेषित करे ताकि प्रसव के समय परिजन समस्त आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आये। इसके तहत राजश्री योजना के तहत लाभार्थियों को दूसरी किश्त की राशि भी समय पर मिले।
जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले द्वारा अब तक 258 सफल निशुल्क हार्ट सर्जरी कर प्रदेश में प्रथम स्थान पर होने के लिए जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की सराहना कीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहायता कोष से कॉकलियर इम्प्लांटेशन के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है। इस तहत बच्चों का चिन्हीकरण कर अधिकाधिक बच्चों को लाभांवित करवाया जाये।
इसी के साथ जिला कलेक्टर ने पूर्ण टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव को बढावा देने, परिवार कल्याण कार्यक्रम सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बलवंत मण्डा ने जिले के चिकित्सा एवं स्वास्थ विभाग से जुड़े कार्यो की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कौशल दवे, उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ प्रीतम सिंह सांखला, डीपीएम अमनदीप चौघरी, जिला लेखा पबंधक अरविंद कुमार दाधीच, डिएनओ मुकेश सोलंकी, समस्त बीसीएमओं व चिकित्सा अधिकारी प्रभारी सहित विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button