भाजपा 25 दिसम्बर को मनाएगी सुशासन दिवस
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी की अध्यक्षता में मण्डल अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न संगठन स्तर पर विषयों पर चर्चा के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रम को लेकर रूप-रेखा बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान जिला महामंत्री देवेन्द्र सालेचा, महेन्द्र मेघवाल, डा. करणीसिंह खींची भी उपस्थित रहे जिनके सानिध्य में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन हेतु सुझाव दिये गये। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस पर किसानों के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजना के अन्तर्गत किसान मित्र के रूप में 9 करोड़ किसान परिवारों को 18,000 करोड़ रूपये का हस्तांतरण सीधे उनके बैंक खातों में विडियो कॉन्फ्रेसिंग के द्वारा डाला जाएगा। इस विडियो कॉन्फ्रेसिंग में भाग लेने के लिये प्रत्येक मण्डल पर एलईडी टीवी पर सीधा प्रसार करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ किसान भाईयों को जोडक़र सुशासन दिवस मनाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही जिला संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया एवं बूथ स्तर तक की कार्यकारिणी बनाने के आवश्यक दिशा-निर्देश मण्डल अध्यक्षों को दिए गए। साथ ही मण्डल कार्यकारिणी एवं शक्ति केन्द्र संयोजक के निष्करीय कार्यकर्ताओं के स्थान पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर जोर दिया गया।
इसी तरह जिलाध्यक्ष जोशी ने पार्टी के कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने की रूप-रेखा पर चर्चा की गई। जिसमें आगामी कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बूथ स्तर पर सुनने के लिये दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा राम मन्दिर के निर्माण हेतु जोधपुर के कार्यकर्ताओं की ओर से ज्यादा से ज्यादा अनुदान प्राप्त करने के लिये युद्ध स्तर पर जनसम्पर्क अभियान चलाने के लिये मार्गदर्शन दिया गया। बैठक में मण्डल अध्यक्ष महेन्द्र छंगाणी, माधोसिंह परिहार, भुपेन्द्र राज सिंघवी, नवीन वैष्णव, श्याम सुन्दर गौड़, ताराचंद गहलोत, सुनिल भाटी, राकेश बागरेचा, भवानी प्रताप सिंह शेखावत, ललित पारवानी मौजूद रहे।