किसान ई-मित्रों के चक्कर लगाने को मजबूर
सेवा भारती समाचार।
- समर्थन मूल्य पर खरीद: पंजीयन बन रहे परेशानी का सबब
जोधपुर। राजफैड की ओर से समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए ई-मित्रों के माध्यम से पंजीयन किसानों के लिए परेशानी का सबब बने रहे है। पंजीयन में सर्वर डाउन होने व पोर्टल में तकनीकी खामियों की वजह से जिले के भोपालगढ़, बिलाड़ा, पीपाड़ व बावड़ी के अलावा अन्य केंद्रों पर किसानों को पंजीयन के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे है। फ लोदी, लोहावट, ओसियां, बिलाड़ा आदि केन्द्रों पर भी किसानों को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
किसान ई-मित्रों के चक्कर लगाकर परेशान हो रहे है। किसानों का कहना है कि हर बार पंजीयन के समय ऐसा ही नजारा देखने को मिलने के बावजूद प्रशासन ने इस बार भी पंजीयन को आसान बनाने के लिए व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया। वहीं कपास के लिए शुरू हुए पंजीयन में किसानों का रुझान कम है। जिले में ओसियां केंद्र पर भारतीय कपास निगम की ओर से कपास की प्रस्तावित खरीद के लिए कृषि मंड़ी जोधपुर की वेबसाइट के माध्यम से रविवार शाम 5 बजे तक 354 किसानों ने पंजीयन करवाया है।