शेखावत ने एक बार फिर साधा कांग्रेस पर निशाना
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। स्थानीय सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऊपर से नीचे तक बंटी (वर्टिकली डिवाइडड) पार्टी है। पहले यह प्रदेश स्तर पर दिखाई देता था लेकिन केंद्र स्तर पर 26 लोगों का पत्र आना और उसके बाद की प्रतिक्रियाओं को देखकर यह साफ नजर आता है। इसी का परिणाम अब नगर निगम चुनाव में दिख रहा है। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की लिस्ट तक सार्वजनिक रूप से जारी नहीं कर पाई है। केंद्रीय मंत्री ने एक बार फिर दोनों नगर निगमों में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा दोहराया।
जोधपुर प्रवास के दौरान मीडिया के साथ अनौपचारिक बातचीत में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जिस तरह की स्थिति कांग्रेस पार्टी में है, जिस तरह की असफलता पिछले दो साल में कांग्रेस के शासन में देखी है, जनता त्रस्त है और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है तो ऐसा लगता है कि इस चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके मुखिया इस बात से भली-भांति परिचित थे कि जो पुरानी व्यवस्था थी, उसमें किसी तरह कांग्रेस चुनाव नहीं जीत सकती थी। इसलिए उन्होंने शहरों के निगमों का पुनर्गठन किया। एक की जगह दो निगम कर दिए। दो निगमों के वार्डों को इस तरह से तोडऩे-मरोडऩे की कोशिश की, ताकि उनकी इज्जत बच जाए लेकिन इज्जत बचना और बचाना, दोनों जनता के हाथ में है। जोधपुर, कोटा और जयपुर में जनता अपना मानस बना चुकी है।
केंद्रीय मंत्री ने तंज कसा कि कांग्रेस पार्टी में फोन कर लोगों को टिकट की सूचना दी गई। एक ही वार्ड में तीन-तीन लोगों ने कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा है। उनको भी पता नहीं है कि किसकी किस्मत खुलने वाली है।
टिकटों को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष पर शेखावत ने कहा कि भाजपा में सभी लोग बैठकर निर्णय करते हैं। ऐसी स्वतंत्रता और आंतरिक लोकतंत्र भाजपा पार्टी में है। हर वार्ड में बहुत सारे कार्यकर्ता खुद को उपयुक्त मानते हुए दावेदारी करते हैं। स्वाभाविक प्रतिक्रिया आना बिल्कुल अप्रत्याशित नहीं है, लेकिन सब एक ही लक्ष्य के लिए काम करते हैं, वो है भारत माता की जय, देश का नवनिर्माण और मां भारती को सम्मान दिलाना। शेखावत ने कहा कि समझाइश और प्यार से बातचीत के जरिए कार्यकर्ताओं से नाराजगी के विषय में बात करेंगे। सब कार्यकर्ता मिलकर जोधपुर नगर निगम में फिर भाजपा का बोर्ड बने, इस दिशा में कार्य करेंगे।