केंद्रीय मंत्री ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां
- राज्य सरकार को जल जीवन मिशन पर गंभीरता के साथ काम करने की नसीहत दी
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। स्थानीय सांसद व केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान सरकार से पूछा है कि गरीबों के घर में पानी पहुंचे और माताओं-बहनों को मटका उठाकर चलने से मुक्ति मिले, क्या ये राज्य सरकार की प्राथमिकता है या नहीं? शेखावत ने नसीहत दी कि अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरों पर फोडऩे के बजाय राज्य सरकार जल जीवन मिशन पर गंभीरता के साथ काम करें।शेखावत रविवार को पत्रकारों को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धियों और वर्चुअल रैलियों के माध्यम से जनता से जुडऩे के कार्यक्रम के बारे बता रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम में पूरे देश का बजट 5 हजार करोड़ होता था लेकिन हम साढ़े तीन लाख करोड़ का बजट लेकर देश के हर घर तक पीने का पानी पहुंचा रहे हैं। राज्य सरकारों ने बढ़े हुए पैसों को रेवडिय़ां बांटने में खर्च किया है। ठीक से आर्थिक प्रबंधन नहीं करने के कारण से ये परिस्थिति पैदा हुई। अब वो केंद्र को सामने रखकर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। शेखावत ने कहा कि माताओं-बहनों का दर्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समझा और जल जीवन मिशन की शुरुआत की। अनेक प्रदेशों ने बहुत अच्छा काम किया है, लेकिन कुछ ऐसे प्रदेश है, जो जिस गति से काम करने की आवश्यकता थी, नहीं कर पाए। वो केंद्र के दिए पैस को खर्च नहीं कर पाए। दुर्भाग्य से मेरा अपना प्रदेश राजस्थान भी उसमें एक है। केंद्र ने जो पैसा दिया था, उसमें से वो केवल 21 प्रतिशत पैसा खर्च कर पाए। मुख्यमंत्री और जलदाय मंत्री ने पत्र लिखा है कि राजस्थान की ग्रांट को 90 प्रतिशत किया जाना चाहिए। इससे वो केवल जनता के आगे भ्रम फैला रहे हैं।शेखावत ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कहा कि ये पहली बार हुआ कि गैर कांग्रेसी सरकार को पुन: बहुमत मिला और जनता ने नरेंद्र मोदी से कामना की कि इंडिया मांगे मोर यानी हम आपसे और अपेक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने अपने-अपने दृष्टिकोण से विकास के कार्य किए, लेकिन पहले जितनी भी योजनाएं बनती थीं, या तो वो धरातल पर उतरती नहीं थीं, अगर उतरती थीं तो कुछ चयनित परिवारों तक पहुंचती थी। नरेंद्र मोदी ने सरकार बनने के बाद उस परिभाषा को बदला। हम जो कोई भी लक्ष्य लेंगे, वो संपूर्णता का लक्ष्य लेंगे। शेखावत ने अरविंद केजरीवाल सरकार के दिल्ली के अस्पतालों में केवल दिल्ली के लोगों का इलाज कराने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के जितने भी अस्पताल है, वो देश के हर नागरिक के लिए खुले हुए हैं।वर्चुअल रैलियों के राजस्थान प्रभारी एवम् केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पत्रकारों को बताया कि नरेन्द्र मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार के दूसरे कार्यकाल की एक वर्ष की उपलब्धियों को प्रदेश के आमजन तक पहुंचाने के लिए वर्चुअल रैलियों का आयोजन प्रदेश भाजपा की ओर से वृहद स्तर पर किया जाएगा। इन सभी रैलियों में डिजिटल तकनीक के माध्यम से लाखों लोग जुड़ेंगे। भाजपा के केन्द्रीय नेता इन्हें सम्बोधित करेंगे। वर्चुअल रैली को 14 जून जयपुर, भरतपुर संभाग, 20 जून जोधपुर, बीकानेर संभाग 27 जून उदयपुर, अजमेर, कोटा संभाग को होगी। इसके साथ ही 15-25 जून 200 विधानसभाओं में 400 वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर अभियान चलाकर वाट्सएप ग्रुप निर्माण किया जा रहा है। 14 जून तक बूथ संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पूरे प्रदेश में सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करते हुए 25 लाख घरों तक 2-2 कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र लेकर जाएंगे।