आत्मनिर्भर भारत बनेगा आर्थिक महाशक्ति: शेखावत
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री व जोधपुर से सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि सौ साल बाद इतिहास दोहरा रहा है, तब अमेरिका महाशक्ति बना था, आज वही अवसर भारत के पास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के मंत्र को शेखावत ने देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला करार दिया। भाजपा के संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के विशेष पैकेज आत्म निर्भर भारत को लेकर केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज से सौ साल पहले स्पेनिश फ्लू महामारी से दुनिया में 6 करोड़ लोगों की जान गई थी। तब तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन रूजवेल्ट ने अमेरिकावासियों से आह्वान किया था कि अमेरिका फस्र्ट। हर चीज अमेरिका में बनाएंगे। उसके 15 साल के भीतर अमेरिका दुनिया की महाशक्ति बनकर उभरा। शेखावत ने कहा कि मुझे लगता है कि इतिहास एकबार फिर दोहरा रहा है। अब की बार केंद्र अमेरिका नहीं भारत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम विश्व में उदाहरण बनकर उभरे हैं। प्रधानमंत्री के 20 लाख करोड़ रुपए के आत्मनिर्भर भारत पैकेज से देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि एमएमएमई समेत सभी सेक्टरों को रफ्तार मिलेगी। स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढऩे से बढ़ी संख्या में रोजगार उत्पन्न होंगे, क्योंकि कृषि के बाद एमएसएमई सेक्टर ही सबसे ज्यादा रोजगार देता है। शेखावत ने कहा कि देश को लंबे समय तक लॉकडाउन में नहीं रखा जा सकता है। इसे दुनिया का कोई देश सहन नहीं कर सकता है। देश जल्द आर्थिक रफ्तार पकडऩे लगेगा। गरीबों को नकदी देने पर शेखावत ने कहा कि सरकार ने 9 करोड़ से ज्यादा किसानों, महिलाओं के करोड़ों जनधन खातों, उज्जवला योजना के तरह नकदी सीधा खाते में डाली है। गरीबों को मुफ्त राशन दिया गया है। सरकार गरीबों को कोई परेशानी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा घोषित राहत राशि से लाखों किसानों, विक्रेताओं और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को तत्काल राहत प्रदान होगी। गहलोत से फिर सवाल किया केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार की कार्यप्रणाली पर एकबार फिर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि टोंक में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद अब अलवर में नाबालिग मासूम के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हिंसा का समाचार राजस्थान को कलंकित तथा शर्मसार करने वाला है। उन्होंने पूछा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार के प्रशासन में प्रदेश की बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं? यह सरकार राजस्थान की जनता के प्रति इतनी संवेदनहीन क्यों है? टोंक और अलवर की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने कहा कि इन घटनाओं के प्रति जिस प्रकार का राजस्थान सरकार का रवैया रहा है, उससे अपराधियों में कानून का डर नहीं के बराबर है। यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इन लगातार हो रही घटनाओं के सामने असहाय नजर आ रहे है। ऐसे समय में अपराधी निडर हो कर प्रदेश की कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहें है। उन्होंने कहा कि मेरा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से निवेदन है कि इन अपराधियों को कड़ी सज़ा देकर हमारी बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।