नेगेटिव जांच वालो को मोबाइल पर मैसेज द्वारा मिलेगी रिपोर्ट
- स्वास्थ्य विभाग की अनूठी पहल
- जांच करवाने प्रत्येक सदस्य के पृथक से मोबाइल नम्बर देने की अपील
जोधपुर। कोरोना वायरस संक्रमण की पहचान व चैन तोड़ने के लिए जोधपुर में वृहद स्तर पर सैंपलिंग कार्य किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत मण्डा ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशन में जोधपुर शहर में कनेटमेंट जोन क्षेत्र से सघन सैंपलिंग व अन्य क्षेत्रों से भी सैम्पलिंग की जा रही है। ताकि संदिग्ध व हाई रिस्क केटेगरी सदस्यों के किसी प्रकार के खतरे को पहचान कर कोरोना संक्रमण को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने बताया कि शहर में प्रतिदिन करीब 1000 सैम्पल लिए जा रहे है। अब तक जांच मे पॉजिटिव आये मरीजो की ही सूचना प्रसारित की जा रही थी। ऐसा ज्ञात हुआ है कि जिन लोगो के सैम्पल लिए गए है और उनकी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आयी है परंतु उनके पास कोई सूचना पहुचं नही पा रही थी, जिससे उन्हें एक भय व संशय बना रहता था कि मेरी जांच रिपोर्ट क्या रही होगी। इसको मद्देनजर रखते हुए सीएमएचओ कार्यालय की ओर से एक अनूठी पहल करते हुए सोमवार शाम से कोरोना जांच रिपोर्ट में नेगेटिव रिपोर्ट आने वाले लोगो को एक साथ बल्क मैसेज द्वारा जानकारी दी जा रही है। ताकि वह भय मुक्त होकर अन्य लोगो को भी लक्षण होने पर जांच करवाने के लिए प्रेरित कर सके।
डॉ. मण्डा ने बताया कि सीएमएचओ कार्यालय आईटी टीम द्वारा अब तक 2215 नेगेटिव रिपोर्ट वाले लोगो को मैसेज भेज कर सूचना प्रेषित की गई है। गौरतलब है कि रविवार 3 मई से ही जिले की समस्त कोविड-19 की रिपोर्ट सीएमएचओ कार्यालय द्वारा भेजने के लिए जिला कलेक्टर द्वारा निर्देश प्राप्त हुए है। डॉ. मण्डा ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि कोरोना के लक्षण होने पर स्वेच्छा से जांच के लिए सैम्पल देते समय प्रत्येक सदस्य के मोबाइल नम्बर अलग-अलग लिखवाए ताकि उन्हें मैसेज भेजने में कोई परेशानी नही रहे। क्योंकि एक परिवार के एक से ज्यादा सदस्यों के सैम्पल लेने पर एक ही मोबाइल नम्बर पर भिन्न-भिन्न प्रकार की जांच रिपोर्ट की सूचना प्रेषित करना मुश्किल रहता है एवं गलत सुचना प्रेषित होने की सम्भावना रहती है
ये मैसेज भेजा जा रहा है
cmho-jod-rj sent नमस्कार, जोधपुर के सजग नागरिक होने के नाते आपने कोविड-19 की जॉच करवाई जिसका परिणाम निगेटिव (उपलब्ध मोबाईल नम्बर के आधार पर)है । समस्त प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जोधपुर आपकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है। राज्य सरकार की गाईडलाईन का पालन करें,घर में रहे सुरक्षित रहें। जॉच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर विभाग द्वारा आपसे सीधा सम्पर्क किया जायेगा । धन्यवाद! Team CMHO Jodhpur