गर्म हवाओं और सूरज की तपिश से बढ़ी गर्मी
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। मारवाड़ में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। यहां अब दोपहर में आसमां से अंगारे बरस रहे है। सूरज की तपिश और गर्म हवाओं के कारण घरों में कैद होने के बावजूद आमजन बेहाल नजर आ रहा है।
गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र से चलकर पश्चिमी राजस्थान के मैदानी इलाकों तक पहुंच रही सतही गर्म हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री व उससे ज्यादा पहुंच गया है और दिन में आसमान से मानो अंगारे बरसते महसूस हो रहे है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में फिलहाल अगले चौबीस घंटे में गर्मी के तेवर तीखे रहने वाले है और दिन के अलावा रात में भी पारा सामान्य से ज्यादा दर्ज होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर हिमालय तराई इलाकों में अगले 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत मौसम केंद्र ने दिए हैं जिसके चलते प्रदेश के पूर्वोत्तर इलाकों में अंधड़ के साथ हल्की बौछारें गिरने का अनुमान है।
लू के हालात बने : तेज रफ्तार से बही सतही गर्म हवा ने मारवाड़ में लू के हालात बना दिए है। भीषण गर्मी के चलते दिन रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज होने लगी है। जोधपुर में बीती रात तापमान में बढ़ोतरी हुई जिसके चलते रात में भी गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। बीते तीन दिनों में शहर में रात के तापमान में पारा करीब तीन डिग्री तक उछल गया है और रात में भी गर्मी अब रफ्तार पकडऩे लगी है।