मौसम / पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और जोधपुर जिलों में आ सकती है आंधी
जयपुर. राजस्थान में करीब एक पखवाड़े की शांति के बाद एक बार फिर मौसम बिगड़ने की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर, बीकानेर, बाडमेर, जोधपुर जिलों में मंगलवार को आंधी आ सकती हैं। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
आगामी चार दिनों तक राज्य में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम मुख्यतया शुष्क रहने व अधिकतम तापमान काफी स्थानों पर 40-42 डिग्री से. के आसपास रहने का अनुमान है। मौस विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी हवाएं चल सकती हैं।
वहीं 15 और 16 को मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 17 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से पश्चिमी राजस्थान में हलकी बारिश के आसार है। राज्य में दिन और रात का तापमान बढ़ता जा रहा है। बीती रात सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 29.5 डिग्री रहा। सबसे कम तापमान माउंटआबू में 19.6 डिग्री तथा राजधानी जयपुर में 28.5 डिग्री रहा। श्रीगंगानगर में ताममान 23.9 डिग्री रहा। इन दो शहरों को छोड़कर राज्य में कहीं भी तापमान 25 डिग्री से कम नहीं रहा।