मण्डोर मण्डी में थोक व्यापारियों की हड़ताल जारी
रैली निकाल कर जिला प्रशासन को दिया ज्ञापन
जोधपुर। शहर में राजमाता विजयाराजे कृषि उपज मंडी में व्यापारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को आज पांचवां दिन है। राजस्थान सरकार द्वारा लगाए गए नए 0.5 प्रतिशत मंडी टैक्स के विरोध में 14 अगस्त से शुरू हुई यह हड़ताल अब एक व्यापक आंदोलन का रूप ले रही है। आज दोपहर में आज बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
मंडोर मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष राजेंद्र परिहार व सचिव धर्मेंद्र भंडारी के अनुसार राज्य सरकार द्वारा मंडी उत्पादों पर लगाया गया 0.5 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स का विरोध किया जा रहा है। सरकार ने मंडी या उप मंडी यार्ड में गैर-अधिसूचित कृषि उपज और खाद्य उत्पादों पर मंडी समितियों द्वारा यूजर चार्ज की दर प्रति एक सौ रुपए पर 0.50 पैसे लगाया है जिससे किसानों और छोटे व्यापारियों पर प्रत्यक्ष रूप से अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा है।
मेले में आ रहे जातरूओं की सेवा चाकरी भी प्रभाव :
व्यपारी संघ के अनुसार इन दिनों शहर में बाबा रामदेव के मेले में लगने वाले भण्डारे हो रहे है। भंडारों के लिए आटा दाल और घी – तेल की काफी मात्रा में खपत होती है। इसके साथ खुदरा विक्रेताओं की दुकानें पर भी पांच दिन से चल रही हड़ताल का असर पड़ा है।
रैली निकाल प्रशासन को दिया ज्ञापन :
दोपहर में मंडोर मंडी व्यापार संघ की तरफ से रैली निकाली गई और अतिरिक्त चार्ज को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। बाद में यह रैली सीधे कलेक्ट्रेट पहुंची और जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम पर ज्ञापन दिया गया। फिलहाल इसका कोई नतीजा दोपहर तक नहीं निकल पाया है। उम्मीद की जा रही है। आज शाम तक हड़ताल समाप्त हो सकती है और अतिरिक्त चार्ज को वापिस लिया जा सकता है।