महिला सुरक्षा पर वेबिनार का आयोजन
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय से संबंद्ध कमला नेहरू महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों के तत्वावधान में विभिन्न विषयों पर वेबिनार सीरिजों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रंृखला में आज दूसरा वेबिनार महिला सुरक्षा पर आयोजित किया गया। अतिथियों का स्वागत राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक प्रोफेसर केआर पटेल द्वारा किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कमला नेहरू महिला महाविद्यालय की निर्देशिका प्रोफेसर संगीता लूंकड़ ने महिला सुरक्षा तथा महिलाओं के अधिकारों की रक्षा पर प्रकाश डाला। वेबिनार के मुख्य वक्ता एडवोकेट मोहित सिंघवी ने संविधान में महिलाओं को मिले हुए अधिकारों के बारे में चर्चा करते हुए आईपीसी एक्ट, पनिशमेंट थ्योरी और सेरोगेसी जैसे कई मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस वेबिनार का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ राजश्री राणावत ने किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामलाल सैनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया और डॉ पंकज नामा ने सहयोग प्रदान किया।